छत काटकर दो मोबाइल दुकानों में चोरी

नीमच। नगर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित कमल चौक पर चोरों ने दो मोबाइल दुकानों को निशाना बनाया। चोर छत की चद्दर काटकर दुकान में घुसे और नए-पुराने मोबाइल फोन और नगदी लेकर फरार हो गए। घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात की है।

दुकान खोलने पर वारदात का हुआ खुलासा

चोरी की जानकारी रविवार दोपहर करीब 12 बजे दुकानदारों को दुकान खोलने पर मिली। चोरों ने सिद्धिविनायक मोबाइल और अमन मोबाइल नामक दुकानों में वारदात को अंजाम दिया।

सिद्धिविनायक मोबाइल के संचालक सोनू लालवानी ने बताया कि उनकी दुकान से लगभग पाँच हजार रुपए नगद, बीस हजार रुपए के कीपैड मोबाइल और एक तीस हजार रुपए का महंगा मोबाइल चोरी हुआ है। चोरों ने चोरी से पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को दीवार की ओर घुमा दिया था।

दो दुकानों मे हुई चोरी की वारदात

अमन मोबाइल के संचालक अमन छपरा ने बताया कि उनकी दुकान से एक पुराना मोबाइल, नगदी और मोबाइल एक्सेसरीज चोरी हुई है। चोरी की सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नपा से पक्की छत डालने की मांग

स्थानीय दुकान संचालकों ने लगातार हो रही चोरी की इन वारदातों पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि यह पहले भी कई बार हो चुका है और हर बार चोर छत की चद्दर काटकर ही वारदात को अंजाम देते हैं। दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने नगर पालिका को कई बार इस संबंध में अवगत कराया है और दुकानों पर पक्की छत डालने की अनुमति मांगी है, लेकिन इस पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

दुकानदारों ने मांग की है कि नगर पालिका उन्हें जल्द से जल्द पक्की छत डालने की अनुमति दे, ताकि भविष्य में ऐसी चोरी की घटनाओं को रोका जा सके।

Next Post

यादव समाज ने पदमी, लफरा और सेमरखापा में मड़ई का आयोजन किया

Sun Oct 26 , 2025
मंडला। जिले की परंपरा को निभाते हुए रविवार को पदमी और ग्राम पंचायत लफरा में यादव समाज द्वारा पारंपरिक मड़ई का आयोजन किया गया। परंपरागत वेशभूषा में पहुंचे लोगों ने चंडी पूजा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। देर रात तक मेले में खरीददारी और मनोरंजन का सिलसिला चलता रहा। […]

You May Like