सतना : जमीनी विवाद ने इस कदर तूल पकड़ा में जेठानी से कुल्हाड़ी उठाकर देवरानी पर जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर तौर पर घायल देवरानी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. जहां पर भर्ती कर उनका उपचार जारी है.प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर गांव में मामूली से जमीनी विवाद ने शनिवार को तूल पकड़ लिया. विवाद के चलते रिश्ते के दो भाई और उनका परिवार एक दूसरे के आमने-सामने आ गया.
जिसके चलते जेठानी और देवरानी के बीच मारपीट शुरु हो गई. बताया गया कि विवाद के दौरान तमतमाई जेठानी रानी शिवहरे ने अचानक वहां पर रखी कुल्हाड़ी उठा ली और देखते ही देखते देवरानी उमा शिवहरे पर हमला कर दिया. कुल्हाड़ी का घातक वार उमा के पैर में लगा. जिसके चलते वह लहुलहान होकर वहीं गिर पड़ी. आनन-फानन में उमा को उपचार के लिए डायल 112 वाहन द्वारा मझगवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां पर उसकी हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. गंभीर तौर पर घायल आशा कार्यकत्र्ता उमा का उपचार जिला अस्पताल में जारी है. वहीं पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है
