इंदौर:सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु इंदौर पुलिस ने शनिवार को “ट्रैफिक प्रहरी” अभियान की शुरुआत की. कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय, पलासिया स्थित सभागृह में किया.इस मौके पर डीसीपी जोन-4 यातायात आनंद कलादगी, एडीसीपी संतोष कुमार कौल, एसीपी मनोज कुमार खत्री और एसीपी हिंदू सिंह मुवेल सहित यातायात पुलिस के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और जिम्मेदार नागरिक मौजूद रहे.
डीसीपी आनंद कलादगी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को यातायात प्रबंधन की प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें यातायात नियमों के पालन में सक्रिय भागीदार बनाना है. इसके तहत इच्छुक नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन फॉर्म भरकर “ट्रैफिक प्रहरी” बन सकते हैं. उन्हें पुलिस की ओर से सिटी, लाइट बेटन, जैकेट और बैज प्रदान किए जाएंगे, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को साप्ताहिक और मासिक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा.
ट्रैफिक प्रहरी शहर में त्योहारों या व्यस्त समय में यातायात व्यवस्था में सहयोग, नियम उल्लंघन या जाम की सूचना देने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएंगे. कार्यक्रम में “आपका समय, आपका सहयोग, आपका चौराहा” संदेश के साथ यह आह्वान किया गया कि सुगम यातायात सिर्फ पुलिस नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है.
