तापसी पन्नू ने दर्शकों से फिल्म अस्सी देखने की अपील की

मुंबई, 27 फरवरी (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू ने दर्शकों से अपनी फिल्म अस्सी देखने की अपील की है। फिल्म ‘थप्पड़’ के जरिए घरेलू हिंसा पर देशभर में बहस छेड़ने के छह साल बाद, तापसी पन्नू ने एक बार फिर वही जोश जगा दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक दिल छू लेने वाला वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो दर्शकों से अपनी नई फिल्म ‘अस्सी’ देखने की अपील कर रही हैं। अपनी पिछली कामयाबी और इस नए प्रोजेक्ट को एक साथ जोड़ते हुए, तापसी ने इस इमोशनल वीडियो के कैप्शन में लिखा है: “थप्पड़ से अस्सी तक …… ” वीडियो में तापसी उन फिल्मों के बारे में बात करती हैं जो दिल को छू जाती हैं। उन्होंने कहा, “हाय! कुछ फिल्में होती हैं जिनके लिए मैसेज आते हैं कि, क्या कहानी है! कुछ फिल्में होती हैं जिनके लिए मैसेज आते हैं कि क्या गजब का किरदार निभाया है! और कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिनके लिए मैसेज आते हैं कि यह फिल्म करने के लिए आपका शुक्रिया! कुछ फिल्मों के रिव्यूज में लिखा होता है कि क्या एंटरटेनिंग फिल्म है, जरूर देखें! और कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिनके रिव्यूज में लगातार एक ही बात लिखी होती है कि बहुत अनकंफर्टेबल है ,देखकर गुस्सा आया, पर देखनी जरूर चाहिए!

तापसी ने कहा, ऐसी ही एक फिल्म छह साल पहले आई थी थप्पड़ और उसी डायरेक्टर की खुशकिस्मती से मेरे साथ एक और पिक्चर एक हफ्ते पहले आई है अस्सी। इतने प्यारे-प्यारे मैसेज, इतने शानदार रिव्यूज, पर सबसे जरूरी बात यह है कि कितने सारे लोगों ने इस मुद्दे को पर्सनली लिया है। मैंने वो खूबसूरत आर्टिकल्स और वीडियो सब देखे और पढ़े हैं, शायद आपने भी पढ़े और देखे होंगे। यदि इतने सारे लोग इसे देख और पढ़ रहे हैं, तो कुछ तो बात होगी ही। तो अगर आपको लगे कि देखना तो बनता है, कि आखिर कैसी पिक्चर है जिसके लिए लोग इतनी शिद्दत, इतने प्यार और इतने जज्बे से लिख रहे हैं, तो एक बार जरूर देखें। शायद यह फिल्म आपसे भी कुछ बात करे और यदि अच्छी लगे, या जैसी भी लगे, लिखना जरूर। मैं उसे जरूर देखना चाहूंगी। उम्मीद है कि इस आने वाले वीकेंड पर आपके पास इस फिल्म को देखने के लिए थोड़ा समय होगा। यह फिल्म आपको थोड़ा अनकंफर्टेबल कर सकती है पर याद रहेगी। शायद अब हमें यह बोलने का इतना कॉन्फिडेंस आ गया है। सो, आई होप यू गिव इट अ शॉट। ‘अस्सी’ के लिए आप सभी के शानदार पोस्ट्स और वीडियो का इंतजार रहेगा। थैंक यू!”

Next Post

होम्बले फिल्म्स की ग्लोबल छलांग, अब विदेशी धरती पर करेंगी फिल्मों का डिस्ट्रीब्यूशन

Fri Feb 27 , 2026
मुंबई, 27 फरवरी (वार्ता) होम्बले फिल्म्स ने केजीएफ चैप्टर 1, केजीएफ चैप्टर 2, कांतारा, कांतारा चैप्टर 1, सालार और महावतार नरसिम्हा जैसी यादगार ब्लॉकबस्टर फिल्मों के साथ भारतीय सिनेमा को एक नई पहचान देने के बाद, अब ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन (विदेशों में फिल्म वितरण) के क्षेत्र में कदम रखने का आधिकारिक […]

You May Like