सिवनी मालवा नगर पालिका परिषद ने अवैध कॉलोनियों को वैध न करने का निर्णय लिया

सिवनी मालवा: नगर पालिका कार्यालय में नगर पालिका परिषद की साधारण बैठक विधायक प्रेमशंकर वर्मा की उपस्थिति में आयोजित की गई। जिसमें परिषद के 23 मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य रूप से बैठक में अवैध कॉलोनियों का मुद्दा रहा, साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।नगर पालिका अध्यक्ष रीतेश जैन ने बताया कि सिवनी मालवा में कुल 74 कॉलोनियां हैं, जिनमें से केवल 9 वैध हैं। शेष 65 कॉलोनियां अवैध रूप से विकसित की गई हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कई नई कॉलोनियां ग्रामीण क्षेत्र बताकर निर्माण की अनुमति ले रही हैं ताकि टैक्स से बचा जा सके। नगर पालिका ने इस समस्या को देखते हुए प्रस्ताव तैयार किया है, जिसके तहत भविष्य में ऐसी अवैध कॉलोनियों को वैध नहीं किया जाएगा और उन्हें ग्रामीण क्षेत्र ही रहने दिया जाएगा। इसके अंतर्गत नगर पालिका इन कॉलोनियों को सड़क, बिजली, पानी या नाली जैसी कोई नगरीय सुविधा प्रदान नहीं करेगी। यदि कोई कॉलोनी नगरीय क्षेत्र में शामिल होना चाहती है, तो उसे ग्रामीण क्षेत्र की अनुमति के लिए जमा की गई पूरी राशि नगर पालिका को जमा करनी होगी, उसके बाद ही उसे नगरीय क्षेत्र की अनुमति दी जाएगी।

बैठक में पास किए गए अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों में प्रधानमंत्री द्वारा जीएसटी स्लैब कम करने पर धन्यवाद प्रस्ताव, नगर पालिका नवीन भवन कार्यालय के लिए शासन से राशि की मांग, कंदेली नदी के सौन्दर्यकरण के लिए डीपीआर अनुसार राशि की मांग और सिवनी मालवा-शिवपुर जिला मुख्य मार्ग पर रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग से राशि की मांग शामिल थी। इसके अलावा, अग्निशमन वाहन के ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा शुल्क के मुद्दे पर भी विचार किया गया।
नगर पालिका ने इन सभी प्रस्तावों पर निर्णय लेते हुए क्षेत्र के विकास और नियमों के पालन के लिए ठोस कदम उठाने का संकेत दिया है।

Next Post

सरकार अगले बीस वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर कर रही विकास : रेखा गुप्ता

Sat Oct 25 , 2025
नयी दिल्ली 25 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हमारी सरकार दिल्ली के हर क्षेत्र का विकास अगले बीस वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर भविष्य गढ़ने का कर रही है। श्रीमती गुप्ता ने कहा, “आज पीतमपुरा के वैशाली एन्कलेव में नई सीवर लाइन, नई […]

You May Like