95 युवाओं को मिला रोजगार, केंद्रीय मंत्री ने सौंपे नियुक्तिपत्र

जबलपुर: भंवरताल उद्यान के समीप कल्चरल स्ट्रीट स्थित संस्कृति थिएटर में शुक्रवार को आयोजित रोजगार मेले में जबलपुर व आसपास के जिलों के 95 युवाओं को नियुक्तिपत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य सुमित्रा बाल्मिक एवं सांसद आशीष दुबे विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में रोजगार मेले के माध्यम से अब तक 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्तिपत्र प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को न केवल रोजगार दे रही है, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास के लिए भी कार्य कर रही है।

मंत्री ने कहा कि आज भारत हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है, दुग्ध उत्पादन में विश्व में अग्रणी बनने के साथ ही अब भारत सबसे अधिक मोबाइल फोन निर्माण करने वाला देश भी बन गया है। उन्होंने कहा, युवा शक्ति देश के विकास की सबसे बड़ी पूंजी है। राष्ट्र के हर विकास क्षेत्र में आज युवाओं से नई उम्मीदें जुड़ी हैं। इस अवसर पर सांसद आशीष दुबे ने कहा कि भारत की लगभग 60 प्रतिशत आबादी युवा है और यही देश के उज्जवल भविष्य की नींव है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
युवाओं ने की प्रसन्नता व्यक्त
रोजगार मेले में रेल, डाक, बैंक सहित विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति प्राप्त युवाओं ने सरकार के इस प्रयास के लिए प्रसन्नता व्यक्त की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार का आभार जताया।

Next Post

7 करोड़ रूपये की लागत से रांझी में होगा सर्वसुविधायुक्त गीता भवन का निर्माण

Sat Oct 25 , 2025
जबलपुर: महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें रांझी में 7 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले गीता भवन के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करते हुए महापौर ने बताया कि गीता भवन में फूड जोन, स्पोर्टस् जोन, ई-लायब्रेरी के […]

You May Like