उत्तराखंड की कॉर्बेट नगरी रामनगर में पहली बार होगा रणजी ट्रॉफी का आयोजन

नैनीताल, 24 अक्टूबर (वार्ता) उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के बैनर तले क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) पहली बार रणजी ट्रॉफी मैच का आयोजन करने जा रही है।

यह मैच कॉर्बेट नगरी रामनगर के कोशिकी क्रिकेट अकादमी, मंगलार क्षेत्र के मैदान में खेला जाएगा। आयोजन की सभी तैयारियां बीसीसीआई की गाइडलाइन के अनुरूप पूरी की जा चुकी है।

यह पहला अवसर है जब उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में बीसीसीआई की मान्यता प्राप्त रणजी ट्रॉफी का मुकाबला खेला जाएगा। मैच शनिवार से शुरू होकर मंगलवार तक चलेगा। इस मुकाबले में भारतीय क्रिकेट जगत के कई नामचीन खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे।

इस रणजी ट्रॉफी मुकाबले में उत्तराखंड टीम का सामना ऑल इंडिया रेलवे टीम से होगा। रेलवे टीम देश की अनुभवी और मजबूत टीमों में से एक मानी जाती है। इस टीम में आईपीएल फ्रेंचाइज़ी मुंबई इंडियंस से खेलने वाले खिलाड़ी करन शर्मा, हिमांशु सांगवान, उपेंद्र यादव और जे. सुचिथ जैसे दिग्गज क्रिकेटर शामिल हैं।

वहीं उत्तराखंड की ओर से राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। इनमें राजन और जे. सुचिथ (जो इस बार उत्तराखंड टीम में स्थानीय चयन के अंतर्गत खेलेंगे) जैसे क्रिकेटर टीम की कमान संभालेंगे। सभी खिलाड़ी इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर उत्साहित हैं और बेहतर प्रदर्शन का मन बना चुके हैं। कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व के प्रवेश द्वार पर बसे रामनगर में रणजी ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन स्थानीय खेल संस्कृति के लिए एक अहम उपलब्धि साबित होगा। यह आयोजन न केवल कुमाऊं क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों के लिए उत्साह का केंद्र बना है, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का भी स्रोत है।

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष दीपक मेहरा ने बताया कि रामनगर में रणजी ट्रॉफी का आयोजन राज्य के क्रिकेट इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक पल है।

श्री मेहरा ने बताया कि मैदान की पिच, खिलाड़ियों की सुविधा और दर्शकों की सुरक्षा व्यवस्था बीसीसीआई की तकनीकी टीम की देखरेख में की गयी है।

 

 

Next Post

अवैध कार्बाइड गन पटाखों पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध 

Fri Oct 24 , 2025
जबलपुर। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के अंतर्गत शक्तियों का प्रयोग करते हुए लोहा-स्टील एवं पीवीसी पाइपों में विस्फोटक पदार्थ भरकर अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले अवैध संशोधित पटाखे (सामान्यतः ‘कार्बाइड गन’ के नाम से कहे जाने वाले) के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय, वितरण तथा प्रदर्शन पर […]

You May Like