
छिंदवाड़ा। शहर में चोरों ने आतंक मचा रखा है। बीते एक माह में कोतवाली, कुंडीपुरा और देहात थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। बुधवार की रात परतला स्थित पंचमुखी शिव मंदिर में चोरों ने दान पेटी का ताला तोड़कर करीब 40 हजार रुपये नगदी, भगवान के चांदी के मुकुट और अन्य जेवर चोरी कर लिए। वहीं, कोतवाली क्षेत्र में दीपावली पर गांव गए युवक के कमरे का ताला तोड़कर चोर लेपटॉप, मोबाइल और 30 हजार रुपये नगदी ले गए। सीसीटीवी में दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं। लगातार हो रही चोरियों से शहरवासियों में दहशत है और पुलिस की गश्त व मुखबिर तंत्र पर सवाल उठ रहे हैं।
