रायसेन। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात के असर से दीपावली के बाद से जिले का मौसम बदल गया है। कल दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एस. तोमर के अनुसार, चक्रवात का प्रभाव प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा, जहां अगले कुछ दिनों तक बारिश हो सकती है। यह पूर्वानुमान किसानों के लिए चिंता का कारण बन गया है।
किसानों का कहना है कि इस समय धान की फसल पकने की स्थिति में है और अगले 15 से 20 दिनों में कटाई की तैयारी चल रही है। ऐसे में तेज हवाओं और बारिश से फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है। बारिश होने पर फसल आड़ी हो सकती है, जिससे बालियां कमजोर पड़ने और पैदावार घटने का खतरा बढ़ जाएगा। अभी भी आसमान में बादल छाए हुए है,और हवाएं चल रहीं, जिससे किसानों की बेचैनी और बढ़ गई है।
