सोशल मीडिया पर रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 पुलिसकर्मी निलंबित

लखनऊ 22 अक्टूबर (वार्ता) सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में वाहन चालकों से रिश्वत लेने के मामले में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्णा के निर्देश पर हुई जांच के आधार पर 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।

डीजीपी राजीव कृष्णा ने भ्रष्टाचार के मामलों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए तीन जनपदों चित्रकूट, बांदा और कौशाम्बी के कुल 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में चित्रकूट जनपद में प्रभारी निरीक्षक भरतकूप, थानाध्यक्ष पहाड़ी, थानाध्यक्ष राजापुर सहित कुल छह पुलिसकर्मी निलंबित किए गए हैं। इनमें एक निरीक्षक, दो उपनिरीक्षक, एक महिला उपनिरीक्षक और तीन आरक्षी शामिल हैं। बांदा जनपद में थानाध्यक्ष बदौसा (उपनिरीक्षक) और एक आरक्षी को निलंबित किया गया है। कौशाम्बी जनपद में थानाध्यक्ष महेवाघाट (उपनिरीक्षक) और एक आरक्षी पर कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई को लेकर डीजीपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तुरंत जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि पुलिस विभाग की छवि पर कोई आंच न आए। पुलिस मुख्यालय ने बयान जारी कर कहा कि आम जनता के सहयोग से पारदर्शिता बढ़ाई जाएगी और भ्रष्टाचार के मामलों की रोकथाम सुनिश्चित की जाएगी। डीजीपी ने प्रदेश के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सेवा में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करें।

वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई करना जनता के विश्वास को मजबूत करता है। इससे यह संदेश जाता है कि पुलिस विभाग भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के मामलों में सख्त रवैया अपनाता है।

गौरतलब है कि बुधवार सुबह अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर वीडियो अपलोड करते हुए सरकार पर हमला बोला था। वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी रिश्वत लेते हुए नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई अखिलेश के पोस्ट के आधार पर की गई है।

 

 

 

Next Post

जनशताब्दी और इंटरसिटी में एक अतिरिक्त द्वितीय चेयरकार श्रेणी कोच की सुविधा होगी शुरू

Wed Oct 22 , 2025
भोपाल।रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोपाल मंडल से चलने वाली रानी कमलापति-मदनमहल जनशताब्दी और रानी कमलापति-आधारताल इण्टरसिटी एक्सप्रेस ट्रेनों में चार दिनों के लिए अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया गया है. गाड़ी संख्या 12061 रानी कमलापति-मदनमहल जनशताब्दी ट्रेन में प्रारंभिक स्टेशन रानी कमलापति स्टेशन से […]

You May Like