ग्वालियर: ग्वालियर का 14 वर्षीय किशोर माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर से चला गया। करीब दो सप्ताह बाद वह मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास मिला और पुलिस ने उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया।किशोर मुरार के त्यागी नगर का रहने वाला है और 9वीं कक्षा का छात्र है। वह अपने माता-पिता के साथ शिव-पार्वती मंदिर पूजा करने गया था। पूजा के दौरान डांट मिलने पर वह नाराज होकर अकेले मंदिर से निकल गया।
किशोर ने बताया कि वह पहले सड़क तक पैदल गया, फिर बस और ट्रेन के माध्यम से मुंबई पहुंचा। वहां वह गेटवे ऑफ इंडिया सहित अन्य जगहों पर घूमता रहा।
महाराजपुरा पुलिस ने अपहरण की धाराओं में केस दर्ज कर खोजबीन शुरू की। थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह यादव और एसआई क्षमा राजौरिया ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर दो दिन पहले किशोर की लोकेशन मुंबई में पाई और उसे गेटवे ऑफ इंडिया के पास सुरक्षित बरामद किया।
