
टीकमगढ़। शिव धाम कुंडेश्वर में मंगलवार को मौनिया नृत्य और गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने बुंदेली गीतों पर पारंपरिक मौनिया नृत्य का प्रदर्शन किया।
समूचे बुंदेलखंड में दीपावली के दूसरे दिन मौनिया नृत्य की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों से टोलियां बनाकर कलाकार नृत्य प्रदर्शन के लिए निकलते हैं। दर्शकों ने पारंपरिक बुंदेली नृत्य का आनंद लिया और कलाकारों को मिठाइयां भेंट कीं।
शिव धाम कुंडेश्वर में आसपास के क्षेत्रों से कई मौनिया नृत्य टोलियां पहुंचीं। उन्होंने मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ के दरबार में जमकर नृत्य किया। मंदिर के प्रधान पुजारी जमुना तिवारी महाराज ने बताया कि सैकड़ों कलाकारों ने मंदिर परिसर में अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिसके बाद मंदिर समिति की ओर से सभी मंडलियों को प्रसाद वितरित किया गया।
