जबलपुर: हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए आज गुरुवार 15 अक्टूबर को सुबह 10.30 से शाम 4.30 बजे तक मतदान होगा। चुनाव में 500 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव करेंगे। अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ अधिवक्ता शशांक शेखर और अधिवक्ता विजय पांडे के बीच मुकाबला है। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में सरगर्मी तेज है।
मुख्य चुनाव अधिकारी राकेश पांडे के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए दो, उपाध्यक्ष पद के लिए तीन और सचिव पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। उपाध्यक्ष पद पर नवीन दुबे, विक्रम सिंह और मोहन सोंसरकर, जबकि सचिव पद पर राजमणि मिश्रा, विकल्प सोनी और सौरभ सुंदर चुनाव मैदान में हैं। वहीं सह-सचिव पद के लिए रनवीर सिंह और अनुज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पद के लिए भास्कर पांडे, दिवेश जैन और राजस पोहनकर ने नामांकन दाखिल किया है।
पुस्तकालय सचिव पद के लिए अलका सिंह और गुलाबकली पटेल ने उम्मीदवारी पेश की है। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए माधवी चतुर्वेदी, आशीष मिश्रा, रुचिका गोहिल, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, गोपेश तिवारी और सना खान मैदान में हैं। चुनाव के लिए कुल 21 नामांकन दाखिल किए गए थे। सहायक चुनाव अधिकारी रियाज मोहम्मद और राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि मतदान में 500 अधिवक्ता हिस्सा लेंगे। मतदान के बाद चुनाव परिणामों को लेकर अधिवक्ताओं की निगाहें टिकी रहेंगी।
