सिराली में 63 लाख की सड़क पर घटिया काम, पार्षदों ने रुकवाया निर्माण

सिराली। नगर परिषद के वार्ड संख्या 12 व 13 में साईं निकेतन स्कूल से मुहाड़िया तक बन रही लगभग 700 मीटर लंबी सड़क निर्माण पर शनिवार को पार्षदों ने हंगामा कर काम रुकवा दिया। शासन से इस सड़क के लिए 63 लाख रुपए स्वीकृत थे, लेकिन ठेकेदार ने ईस्टिमेट में निर्देशित मापदण्डों का उल्लंघन कर केवल 2 इंच सामग्री डालकर काम आगे बढ़ा दिया। दस्तावेजों के अनुसार निर्माण में पहले 8 इंच बेस, दूसरे चरण में 4 इंच और उपर सीसी के 8 इंच डालना अनिवार्य था, पर ठेकेदार ने नदी की बजरी और डस्ट के मिश्रण से बेस तैयार किया, जो नियमों के विरुद्ध बताया गया।

स्थल पर पहुंचे नगर परिषद उपाध्यक्ष श्यामलाल बुचा व पार्षद राहुल शाह, नारायण बाँके, भोलेशंकर कुशवाह व शिवदास गुर्जर ने कार्य तत्काल रुकवाया और गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। पार्षदों ने आरोप लगाया कि दीपावली की छुट्टियों का फायदा उठाकर ठेकेदार जल्दबाज़ी में घटिया सामग्री उपयोग कर रहा था ताकि निरीक्षक मौके पर न पहुंचें। साथ ही यह भी बताया गया कि यही ठेकेदार पहले आए डिवाइडर निर्माण (करीब 70 लाख) को अधूरा छोड़ चुका है, बावजूद इसके उसे नया ठेका मिलना संदिग्ध माना जा रहा है।

पार्षदों ने कहा कि यदि गुणवत्ता व मानक पूरे नहीं किए गए तो वे आगे किसी भी हालत में काम शुरू नहीं होने देंगे और ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त जांच व कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सीएमओ जयंत वर्मा की गैरमौजूदगी व अधिकारियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं।

 

Next Post

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं

Tue Oct 21 , 2025
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व प्रकृति और गोवंश के प्रति सम्मान का प्रतीक है। यह त्योहार हमें पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक सहयोग की भावना को मजबूत करने […]

You May Like