
भोपाल। दीपों का महापर्व आज राजधानी भोपाल में उल्लास और रोशनी से भरा नजर आ रहा है। सुबह से ही घरों में लक्ष्मी-गणेश पूजन की तैयारी जोरों पर है, वहीं शहर के बाजारों में रौनक चरम पर है। न्यू मार्केट, बिट्टन मार्केट, एमपी नगर,भेल क्षेत्र और चौक बाजार जैसे इलाकों में खचाखच भीड़ उमड़ रही है। मिठाई की दुकानों पर ‘घी के लड्डू’ और ‘केसर बर्फी’ की सर्वाधिक मांग है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स, ज्वेलरी और कपड़ों की दुकानों में ग्राहकों की लंबी कतारें हैं।
त्योहार के उल्लास के बीच प्रशासन ने भी कमर कस ली है। सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है, जबकि मुख्य मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है ताकि पूजा और आतिशबाजी के बाद यातायात सुचारु रहे। नगर निगम ने भी अपनी पूरी मशीनरी तैनात कर दी है, 100 टैंकर, 30 दमकलें और 350 कर्मचारी डबल शिफ्ट में फायर ड्यूटी पर रहेंगे। शहर के 13 फायर स्टेशनों को सतर्क रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।
इधर, गांधी मेडिकल कॉलेज में दिवाली के दौरान संभावित दुर्घटनाओं से निपटने के लिए विशेष वार्ड तैयार किया गया है, जिसमें सभी जरूरी उपकरण और आपात सेवाएं उपलब्ध हैं। इसे एक इन्फॉर्मेशन और कोऑर्डिनेशन सेंटर के रूप में विकसित किया गया है, जो इमरजेंसी मेडिसिन और नेत्र विभाग के साथ मिलकर काम करेगा।
एम्स भोपाल ने भी नागरिकों से अपील की है कि दिवाली को सुरक्षित और जिम्मेदार ढंग से मनाएं। प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने कहा है कि दीपावली सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सामूहिक कल्याण का अवसर है।
