
नयी दिल्ली, 20 अक्टूबर 2025: आमतौर पर सोमवार को सप्ताह का पहला कारोबारी दिन होता है, लेकिन आज, 20 अक्टूबर को दिवाली के त्योहार के कारण कई निवेशकों में यह भ्रम है कि शेयर बाजार बंद रहेगा। हालांकि, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में आज कारोबार सामान्य रूप से चालू रहेगा। बाजार में निवेश की छुट्टी दिवाली के अगले दिन यानी 21 अक्टूबर को है। दिवाली पर्व कार्तिक मास की अमावस्या को मनाया जाता है, जो इस बार 20 अक्टूबर को है।
शेयर बाजार में दिवाली/लक्ष्मी पूजन की छुट्टी 21 अक्टूबर को होने के कारण मुहूर्त ट्रेडिंग भी इसी दिन आयोजित की जाएगी। मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र 21 अक्टूबर 2025 को दोपहर 1:45 बजे से लेकर 2:45 बजे तक यानी कि एक घंटे का होगा। यह सत्र निवेशकों के लिए समृद्धि और सफलता लाने का शुभ अवसर माना जाता है। इसके अलावा, दोपहर 1:30 से 1:45 तक प्री-ओपन सेशन भी रहेगा।
21 और 22 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर मुहूर्त ट्रेडिंग के एक घंटे के सत्र को छोड़कर सभी सेगमेंट में ट्रेडिंग पूरी तरह से बंद रहेगी। 22 अक्टूबर को बलि प्रतिपदा के मौके पर बाजार में सामान्य कारोबार पूरी तरह से ठप रहेगा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर भी दिवाली के कारण 21 और 22 अक्टूबर को छुट्टी रहेगी।
