ग्वालियर: ग्वालियर पुलिस की साइबर सेल ने गुम मोबाइल की बरामदगी में नया रिकॉर्ड कायम किया है. पुलिस मुख्यालय भोपाल, सीईआईआर पोर्टल की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्वालियर मोबाइल रिकवरी में मध्यप्रदेश में नंबर-1 है। बरामदगी के प्रतिशत के आधार पर जिले को दूसरा स्थान मिला है। मंडला ने पहला और डिंडोरी ने तीसरा स्थान हासिल किया है. ग्वालियर की साइबर सेल टीम ने वर्ष 2024 और 2025 में 3209 मोबाइल खोजे निकाले हैं. इन मोबाइल की कीमत 6 करोड़ 94 लाख 75 हजार रुपए है. सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए जा चुके हैं, जिससे हजारों लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है.
प्रभारी साइबर सेल उपनिरीक्षक रजनी सिंह रघुवंशी ने बताया कि टीम ने नामी कंपनियों के मोबाइल बरामद किए. ये मोबाइल सिर्फ ग्वालियर ही नहीं, बल्कि मुरैना, भिंड, शिवपुरी, दतिया, गुना, झांसी, बिहार, केरल, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड सहित अनेक राज्यों से ट्रेस कर जब्त किए गए. एसएसपी धर्मवीर सिंह और एएसपी सुमन गुर्जर के निर्देशन में टीम ने लगातार ट्रैकिंग और तकनीकी विश्लेषण से सफलता हासिल की।सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश में मोबाइल फोन बरामदगी के प्रतिशत के आधार पर मंडला जिला पहले स्थान पर रहा है. ग्वालियर ने दूसरा और डिंडोरी ने तीसरा स्थान हासिल किया है. सिंगरौली चौथे, भिंड पांचवें, विदिशा छठवें, सिवनी सातवें, झाबुआ आठवें, अशोकनगर नौवें, जबकि भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन और रीवा दसवें स्थान पर हैं.
