पटना,01 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शहनवाज हुसैन ने बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जीत हासिल करने का दावा करते हुए आज कहा कि राज्य में एक बार फिर राजग की मजबूत सरकार बनेगी ।
शाहनवाज़ हुसैन ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संसद भवन में उनकी हुई मुलाक़ात के बाद यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में पूरा देश सुरक्षित है और तेज गति से आगे बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य की राजग सरकार ने बिहार को विकास की असीम ऊँचाई पर ले जाने में सफलता हासिल की है और आगामी विधानसभा चुनाव के बाद भी राजग के नेतृत्व में बिहार का निर्बाध गति से विकास होगा ।
शाहनवाज़ ने श्री शाह से हुई उनकी मुलाकात की चर्चा करते हुए कहा कि उन दोनों के बीच बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई । शाहनवाज़ ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग भारी जीत हासिल करेगा और और फिर से मजबूत सरकार बनायेगा।
श्री शाह के 8 अगस्त को बिहार के प्रस्तावित दौरे की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि गृहमंत्री के बिहार आगमन की तैयारी जोरशोर से चल रही है । उन्होंने कहा कि 8 अगस्त को पुनौरा धाम में अयोध्या की तर्ज पर मां सीता के भव्य मंदिर का शिलान्यास होना है। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री नीतीश भी मौजूद रहेंगे।
श्री हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह गृह मंत्री अमित शाह भी बिहार के विकास को लेकर फ़िक्रमंद एवं निरंतर प्रयत्नशील हैं ।
