माचक नदी पर बन रहा करोड़ों का पुल ढहा, मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला,तीन घायल

सिराली: जिले के ग्राम मगरदा में शनिवार को माचक नदी पर बन रहे करोड़ों रुपये की लागत के पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के समय निर्माण कार्य चल रहा था। पुल का हिस्सा गिरने से नीचे काम कर रहे तीन मजदूर मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को जिला अस्पताल हरदा पहुंचाया।

घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुल का एक भाग अचानक भरभराकर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुल निर्माण में घटिया सामग्री और कमजोर सीमेंट का इस्तेमाल किया गया, जिसकी शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन अधिकारियों और ठेकेदार ने अनदेखी की।

सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुल का निर्माण एक निजी ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा था, जिसकी लागत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। प्रशासन ने पूरे मामले की तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह—तकनीकी खामी, लापरवाही या घटिया सामग्री—का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल घटनास्थल को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है और मलबा हटाने का काम जारी है। मगरदा जैसे छोटे गांव में हुए इस हादसे ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण अब जांच रिपोर्ट और दोषियों पर कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Next Post

प्रदेश का एकमात्र मंदिर जहां नरक चोदस को यमराज का होता है महाभिषेक

Sun Oct 19 , 2025
ग्वालियर: मध्य प्रदेश का एकमात्र मंदिर ग्वालियर में है जहां नरक चौदस को यमराज का महा अभिषेक होता है। उक्त जानकारी मंदिर के महंत आचार्य महेश शर्मा ने मीडिया को दी। आचार्य ने बताया कि यह मंदिर ढाई सौ से 300 वर्ष पुराना है इसकी स्थापना सिंधिया राज घराने ने […]

You May Like