सिंगरौली: विंध्य क्षेत्र में अब भाजपा में भी कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी की लहर देखी जा रही है। भाजपा के वरिष्ठ और कनिष्ठ नेता आत्ममंथन बैठक के जरिए अपने दर्द और संगठन के प्रति असंतोष को व्यक्त कर रहे हैं।जानकारी के अनुसार, भाजपा जिलाध्यक्ष सिंगरौली के चयन के बाद से ही विरोध के स्वर सुनाई देने लगे थे। मामला कुछ समय के लिए शांत दिखा, लेकिन जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद से संगठन में असंतोष की स्थिति फिर उभरकर सामने आई।
कई कार्यकर्ता खुले तौर पर संगठन के खिलाफ बयानबाजी करने लगे और अब वे एकजुट होकर अपनी भावी रणनीति तय करने की तैयारी कर रहे हैं।आज बैढ़न के हर्रई में भाजपा नेता वशिष्ट पांडेय के आवास पर गोपनीय बैठक आयोजित की गई। मीडिया को इस बैठक में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। बैठक का मुख्य एजेंडा आत्ममंथन था। इस दौरान कई उपेक्षित नेताओं ने संगठन पर खुलकर हमला किया और कहा कि जिन्होंने पार्टी के लिए जमीन पर काम किया, संगठन को मजबूत किया, उन्हें पद नहीं मिला, जबकि विरोधी और कम सक्रिय लोगों को पद दिया गया।
बैठक में वशिष्ट पांडेय, राजेश तिवारी, अनंत शुक्ला, सुभाष वर्मा, अंगद वर्मा, प्रवीण तिवारी, खूबचन्द माझी, ध्रुवेन्द्रनाथ चतुर्वेदी, छत्रपति सिंह, सम्पत शाह, एक्तीशचन्द्र बैस, डीएन शुक्ला, सूरज पांडेय, प्रवेन्द्रधर द्विवेदी, सुरेन्द्र पांडेय, राजू जायसवाल, महेश प्रसाद वर्मा, धनेश गुप्ता, सुरेशकांत द्विवेदी, अरविंद तिवारी, गिरजा पांडेय समेत लगभग दो सौ से अधिक कार्यकर्ता शामिल थे।बैठक में सभी वर्गों के कार्यकर्ताओं ने संगठन की वर्तमान स्थिति और भावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। इस बैठक से भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और जिलाध्यक्ष के प्रति कार्यकर्ताओं की नाराजगी साफ दिखाई दी।
