
गरोठ। गरोठ तहसील अंतर्गत खरड़ावदा मंडल में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा बड़े पैमाने पर पथ संचलन निकाला गया। सैकड़ों स्वयंसेवक कदम से कदम मिलाकर नगर में पंक्तिबद्ध होकर दंड हाथ में लिए उत्साहपूर्वक निकले, जिससे वातावरण में उत्साह और अनुशासन की अनुभूति बनी रही।
पथ संचलन के दौरान संघ के बौद्धिक परामर्श राठौर (विभागीय शारीरिक प्रमुख) ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन और प्रेरक संदेश दिया। खरड़ावदा के ग्रामवासियों और आसपास के क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने रास्ते में स्वयंसेवकों का स्वागत किया तथा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कई गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर स्वयंसेवकों का सम्मान किया।
इस अवसर पर गरोठ थाना प्रभारी हरीश मालवीय, सहायक निरीक्षक एम.एल. चौहान, प्रधान आरक्षक व अन्य आरक्षक भी मौजूद रहे और वे संचलन के दौरान शांति व सुव्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय रहे।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और स्थानीय लोगों ने ऐसे सामुदायिक आयोजनों को सामाजिक समरसता व अनुशासन का प्रतीक बताया।
