
रीवा। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बाणसागर सभागार कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए. कलेक्टर ने कहा कि दीपावली तथा अन्य त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में कानून और व्यवस्था की सतत निगरानी रखें.
पुलिस अधिकारियों के साथ क्षेत्र का नियमित रूप से भ्रमण करें. पटाखा बिक्री की दुकानों को एस शेप में स्थापित कराएं. दो दुकानों के बीच में कम से कम तीन मीटर का अंतर रखें. बिक्री स्थल पर पर्याप्त मात्रा में रेत और रेत भरी बाल्टी रखवाएं. इन स्थानों में वाहनों की पार्किंग और प्रकाश की भी समुचित व्यवस्था कराएं. केवल निर्धारित स्थल से ही पटाखा की बिक्री होगी. निर्धारित स्थल के अलावा यदि कहीं पर भी पटाखा और आतिशबाजी की बिक्री पाई जाती है तो कठोर कार्यवाही करें. एसडीएम पटाखा गोदामों का भी निरीक्षण करके भण्डारित मात्रा की जाँच करें. त्यौहारों के दौरान अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित मुख्यालय में रहें. कलेक्टर ने कहा कि स्वामित्व योजना से त्योंथर तथा जवा तहसीलों में बड़ी संख्या में प्रकरण लंबित हैं. इनके निराकरण में आर रही तकनीकी बाधा को प्रभारी अधिकारी दूर कराएं. स्वामित्व योजना में शेष बचे सभी प्रकरणों का 31 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से प्रारूप प्रकाशन कराएं.
