झारखंड में खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट में हुआ 1500 करोड़ घोटाला: भाजपा

नयी दिल्ली 15 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड के कई जिलों में खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट में 1500 करोड़ का घोटाला होने का आरोप लगाया है।
भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि झारखंड में करीब 1500 करोड़ रुपये का खनिज घोटाला सामने आया है। श्री सिन्हा ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने एक बार फिर आदिवासी क्षेत्र को बदहाली की ओर ले जाने और आदिवासियों को लूटने का प्रयास किया है।
श्री सिन्हा ने कहा कि इस संदर्भ में 8 सितंबर को पहली पर वरिष्ठ भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने इस घोटाले का खुलासा किया था जिसके बाद झारखंड उच्च न्यायालय ने इस मामले पर संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में 13 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि अगले चार सप्ताह में सुनवाई से पहले इस विषय में अपना पक्ष रखे।
श्री सिन्हा ने बोकारो का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां पर आवंटित 600 करोड़ रुपये में से करीब 500 करोड़ की गड़बड़ी सामने आयी। उन्होंने कहा कि यह तो एक नमूना भर है असली कहानी तो जांच के बाद सामने आएगी और कांग्रेस समर्थित हेमंत सोरेन सरकार के एक और भ्रष्टाचार का खुलासा होगा।
श्री सिन्हा ने भारतीय अर्थव्यवस्था को डेड इकॉनामी बताने वाले राहुल गांधी के आरोप पर निशाना साधते हुए इसे बेबुनियाद और तथ्य से परे बताया। उन्होंने कहा कि भारत में बढ़ता निवेश और ‘जीएसटी उत्सव’ में बम्पर खरीदारी इसका जवाब है।

Next Post

चंदन को 'कृषि उत्पाद' की श्रेणी में रखने की सिफारिश

Wed Oct 15 , 2025
नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (वार्ता) देश में चंदन की खेती के विकास के संबंध में गठित की गई समिति ने केंद्र और राज्य सरकारों से कानूनों में संशोधन करके इसे ‘कृषि उत्पाद’ की श्रेणी में शामिल करने की सिफारिश की है। केंद्र सरकार में पूर्व वित्त सचिव रतन प्रकाश वाटल […]

You May Like