सतना : संदिग्ध गतिविधि की सूचना के आधार पर पुलिस ने जब बाइक सवार तीन युवकों को रोककर पूछताछ की तो बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश हो गया. आरोपी युवकों के कब्जे से चुराई गई आधा दर्जन मोटर साइकिलें बरामद कर ली गईं.कोतवाली थाना प्रभारी मैहर अनिमेष द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को इस बात की सूचना मिली की पैशन प्रो बाइक पर सवार होकर तीन युवक संदिग्ध तौर पर घूम रहे हैं.
इसी कड़ी में यह जानकारी भी मिली युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और बाइक सवार तीनों युवकों को जांच के लिए रोक लिया. पूछताछ में तीनों युवकों की पहचान अजय विश्वकर्मा 20 वर्ष निवासी सराय मोहल्ला, किशन अग्रवाल 20 वर्ष निवासी पटेहरा और मोहित सिंह 27 वर्ष निवासी गाजन रामपुर के तौर पर हुई.
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में तीनों युवकों ने मैहर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर आधा दर्जन मोटरसाइकिल चुराने की घटना को स्वीकार कर लिया. जिनकी तस्दीक पर चुराई गईं 2 हीरो पैशन प्रो, 1 हीरो स्प्लेंडर प्लस, 2 हीरो एच एफ डीलक्स और होंडा शाइन बाइक को बरामद कर लिया. आरोपी युवकों के कब्जे से जब्त की गई 6 मोटरसयाइकिलों की कीमत 3 लाख 80 हजार रु आंकी गई.
