सतना : मैहर जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत शराबखोरी के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति की पत्थर मारकर हत्या कर दिए जाने की घटना सामने आई थी. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.देहात थाना प्रभारी के एन बंजारे से प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर-अमरपाटन रोड पर स्थित एक क्रेशर के सामने 11 अक्टूबर की रात लगभग 1 बजे एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला था.
जिसकी पहचान अंजनी उर्फ बैलेट लोनी पिता मोतीलाल उम्र 40 वर्ष निवासी नादन के तौर पर हुई. अंजनी के सिर और माथे पर गंभीर चोटें आईं थीं. जिसे देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रीवा के लिए रेफर कर दिया गया था. जहां पर उपचार के दौरान अंजनी ने दम तोड़ दिया. मृतक की पोस्टमार्टंम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सिर और चेहरे पर कई बार किसी भोथरी वस्तु से कठोर प्रहार करने के तौर पर सामने आया.
जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा धारा 103 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की गई. इस मामले में प्रमुख संदेही के तौर पर सामने आए भईयालाल उर्फ भईयन कोल उम्र 31 वर्ष पिता गोरेलाल निवासी नादन को पकडक़र पूछताछ शुरु की गई. पूछताछ में आरोपी भईयालाल ने बताया कि शराब पीने और वाहन चलाने की बात पर झगड़ा विवाद हो गया था. इसी दौरान उसने पत्थर से अंजनी के सिर और चेहरे पर कई गंभीर वार किए. जिसके चलते अंजनी की मौत हो गई. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा आरोपी भईलाल को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
