हड़ताल से ठप्प हुई सफाई, पेयजल व्यवस्था

ब्यावरा। नगर पालिका परिषद ब्यावरा के कर्मचारियों को बीते कई माह से वेतन नहीं मिलने के कारण भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है. इसको लेकर मंगलवार से कर्मचारियों ने लामबंद होकर कामकाज बंद कर हड़ताल शुरु कर दी. हड़ताल के कारण नगर की सफाई और पेयजल सप्लाई व्यवस्था बुरी तरह ठप्प हो गई.

गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद ब्यावरा के कर्मचारियों को पांच माह या कई कर्मचारियों को इससे भी अधिक समय से वेतन नहीं मिला है. कर्मचारी भारी आर्थिक संकट का सामना करने को मजबूर है.

ज्ञापन के बाद हड़ताल

कर्मचारियों के द्वारा इतने समय से वेतन नहीं मिलने के कारण होने वाली आर्थिक परेशानी को लेकर वह जिम्मेदारों को आवेदन देकर अपनी समस्या बता चुके है. हाल ही में नपा द्वारा दो माह के वेतन का भुगतान करने का आश्वासन दिया था. परन्तु यह वेतन भी नहीं दिए जाने के बाद आखिरकार कर्मचारियों ने एकजुट होकर मंगलवार से काम बंद कर हड़ताल प्रारंभ कर दी. नपा कार्यालय के सामने टेंट लगाकर धरना दिया.

सडक़ो पर बिखरा कचरा

ठीक त्यौहार के समय साफ-सफाई एवं पेयजल सप्लाई व्यवस्था बुरी तरह ठप्प होने के कारण आमजन को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा. सफाई नहीं होने से सडक़,गली-मोहल्लो में कचरा बिखरा पड़ा रहा.

पेयजल सप्लाई ठप्प, परेशानी

पेयजल सप्लाई नहीं होने से पानी का संकट और गहरा गया. विदित है कि पूर्व से ही पेयजल सप्लाई का अंतराल काफी बढ़ गया है, ऐसे में पेयजल सप्लाई बंद होने से पेयजल संकट और अधिक गहरा गया. ट्यूबवेल भी नहीं चलने से लोगों को पानी के लिए काफी दिक्कत उठाना पड़ी. जबकि दीपावली के चलते साफ-सफाई का कार्य चल रहा है जिसमें पानी की कहीं अधिक आवश्यकता लग रही है.

आर्थिक संकट से जूझ रहे

नपा कर्मचारियों को इतने माह से वेतन नहीं मिलने के कारण भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है. वेतन नहीं मिलने से घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो चला है. घर का किराया, किराना, स्कूलों की फीस देना भारी पड़ रहा है. अब दीपावली त्यौहार आने वाला है. कर्मचारियों को कितना अधिक आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ रहा है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है.

शाम तक नहीं बनी बात

कर्मचारियों के द्वारा नपा कार्यालय के सामने टेंट लगाकर धरना दिया गया. इस दौरान जनप्रतिनिधि, जिम्मेदार लोग यहां आये और कर्मचारियों से चर्चा कर हड़ताल समाप्त करवाने के प्रयास किए गये किंतु कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और शाम तक हड़ताल समाप्त करने को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हो सकी. जानकारी के अनुसार नपा द्वारा फिलहाल कर्मचारियों को दो-दो माह का वेतन भुगतान करने की बात रखी किंतु कर्मचारी यूनियन के द्वारा इसी काफी कम मानते हुए कहा कि जिन कर्मचारियों का 9 माह का वेतन रुका है उनको 5 माह का वेतन, 7 माह से रुके वेतन वाले कर्मचारी को 4 माह का वेतन तथा जिन कर्मचारी का 6 एवं 5 माह का वेतन रुका है उनको 3 माह का वेतन दिए जाने की बात रखी. साथ ही कहा गया कि दो माह के भीतर बाकी शेष वेतन को क्लीयर किया जाये.

Next Post

सीएम ने गाया किशोर कुमार का गीत, याद किया उनका अद्भुत व्यक्तित्व और योगदान 

Tue Oct 14 , 2025
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किशोर कुमार के प्रसिद्ध गीत ज़िंदगी एक सफर है सुहाना… गाकर दो दिवसीय राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह का आगाज किया और महान गायक-अभिनेता को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किशोर कुमार केवल गायक नहीं थे, बल्कि वे गीतों को […]

You May Like