भोपाल: स्टेट हाईवे पर सूखी सेवनिया रेलवे ओवर ब्रिज के एक हिस्से के धंसने के बाद मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम ने तुरंत तकनीकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य के साथ-साथ धंसने के कारणों का पता लगाने के लिए विशेष दल गठित किया गया है।एमपीआरडीसी के अधिकारियों ने घटना के तुरंत बाद स्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया। जांच दल का नेतृत्व मुख्य अभियंता बीएस मीणा, जीएम मनोज गुप्ता और जीएम आरएस चंदेल कर रहे हैं।
एमपीआरडीसी के प्रबंध संचालक भरत यादव ने कहा कि जांच रिपोर्ट में किसी भी लापरवाही या तकनीकी कमी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।सूत्रों के अनुसार, यह आरओबी 2013 में बीओटी मॉडल के तहत बनाई गई थी, लेकिन निर्माण कंपनी के अनुबंध में अनियमितताओं के चलते 2020 में उसे रद्द कर दिया गया था।जांच के पूर्ण होते ही एमपीआरडीसी मरम्मत कार्य के अगले चरण की घोषणा करेगा और सड़क को जल्द से जल्द सामान्य यातायात के लिए खोलने की तैयारी कर रहा है।
