
सौसर।नगर में एक बार फिर चोरों ने अपनी सक्रियता दिखाते हुए दो दुकानों को निशाना बनाया। बीती रात विठ्ठल मंदिर के पास स्थित नवदुर्गा मेडिकल और सिविल लाइन क्षेत्र में कृष्णा जनरल स्टोर्स के शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना का खुलासा सुबह शटर टूटे हुए दिखने के बाद हुआ।
सूचना मिलने पर सौसर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जांच के दौरान तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में दो चोरों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों से चोरी गया कुछ सामान बरामद भी किया गया है।
थाना प्रभारी रूपलाल उईके ने बताया कि पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपी महाराष्ट्र के खापरखेड़ा और नागपुर क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम इन दोनों स्थानों के लिए रवाना हो चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि अब हुई चोरी की घटनाओं में कोई बड़ी गैंग हो सकती है।
टीआई उईके ने कहा कि हाल ही में हुई अन्य चोरी की वारदातों के तार भी इनसे जुड़ सकते हैं। पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।
