रणवीर सिंह की फोटोग्राफी के अर्जुन कपूर फैन हो गए। अर्जुन ने इंस्टाग्राम पर रणवीर द्वारा खींची गई ब्लैक एंड व्हाइट फोटो शेयर कर उनकी तारीफ की। दोनों की पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म धुरंधर के चलते लगातार चर्चा में बने हुए हैं। फिल्म में रणवीर सिंह के ‘हमजा अली’ किरदार को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। इसी बीच अब रणवीर सिंह अपने एक और टैलेंट फोटोग्राफी की वजह से सुर्खियों में आ गए हैं, जिसकी तारीफ खुद अर्जुन कपूर ने की है।
अर्जुन कपूर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर साझा की, जिसे रणवीर सिंह ने क्लिक किया था। इस तस्वीर में अर्जुन कपूर ट्रेडिशनल एथनिक लुक में नजर आ रहे हैं। फोटो शेयर करते हुए अर्जुन कपूर ने मजेदार अंदाज में लिखा कि जब हमजा उर्फ जस्सी आपकी फोटो खींचता है… रणवीर सिंह। अर्जुन कपूर का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दोस्ती की मिसाल हैं रणवीर और अर्जुन
रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर की दोस्ती बॉलीवुड में काफी मशहूर है। दोनों ने साथ में फिल्म गुंडे में काम किया था, जिसमें प्रियंका चोपड़ा और इरफान खान भी अहम भूमिकाओं में थे। इस फिल्म के जरिए रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री और ऑफ-स्क्रीन बॉन्डिंग ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। गुंडे का निर्देशन अली अब्बाज जफर ने किया था। यह फिल्म 70-80 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित थी, जिसमें दो दोस्तों की कहानी दिखाई गई थी जो हालात के चलते कोयला माफिया बन जाते हैं।
वर्कफ्रंट पर व्यस्त हैं दोनों स्टार्स
गुंडे का संगीत और एक्शन दर्शकों को काफी पसंद आया था, और यह बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही थी। वर्कफ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह अपनी फिल्म धुरंधर की सफलता का आनंद ले रहे हैं। वहीं अर्जुन कपूर हाल ही में फिल्म मेरे हस्बैंड की बीवी में नजर आए थे, हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। कुल मिलाकर, रणवीर सिंह की फोटोग्राफी और अर्जुन कपूर का यह खास पोस्ट फैंस को दोस्ती और टैलेंट का एक नया अंदाज दिखा रहा है, जिसे सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।
