प्रॉपर्टी विवाद में व्यवसायी पर गोली चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश

इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर में प्रॉपर्टी व्यवसायी पर गोली चलाकर हत्या का प्रयास करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हो गया है. पुलिस ने मुख्य सरगना विनय उर्फ सोनू राठौर सहित उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था. पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध देशी कट्टा, पिस्टल और जिंदा राउंड बरामद किए हैं.घटना 24 सितंबर की शाम को हुई थी, जब प्रॉपर्टी कारोबारी मनोज नागर अपनी फॉर्च्यूनर से घर लौट रहे थे.

इसी दौरान सफेद कार में आए हमलावरों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारी. जैसे ही मनोज नीचे उतरे, कार सवार एक युवक ने उनकी आंख में लाल मिर्च पाउडर फेंक दिया, इसके बाद हेलमेट पहने एक आरोपी ने उन पर तीन गोलियां दाग दीं, जो उनके दोनों हाथों और पेट में लगीं. गंभीर हालत में उन्हें बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह के निर्देश पर जोन-2 डीसीपी कुमार प्रतीक, एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह और एसीपी आदित्य पटले के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई.

टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की. मुख्य आरोपी विनय राठौर ने पूछताछ में बताया कि वह और फरियादी मनोज नागर साथ में प्रॉपर्टी का व्यवसाय करते थे. विवादित सौदों और रुपयों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच मतभेद बढ़ गए थे. मनोज द्वारा लगातार दखल देने से विनय को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा, जिससे उसने मनोज की हत्या की साजिश रच डाली. विनय ने अपने साथियों शुभम खेड़कर, युवराज उर्फ राज बच्चा, अरविंद परमार और एक नाबालिग को साथ लेकर योजना बनाई. घटना से दो दिन पहले अरविंद के घर पर सभी ने बैठक कर मनोज की रेकी की.

विनय ने शुभम को अवैध पिस्टल और खुद के लिए कट्टा दिया तथा एक कार रेंट पर लेकर वारदात को फिल्मी अंदाज में अंजाम दिया. पुलिस को 11 अक्टूबर को सूचना मिली कि आरोपी बायपास स्थित चौधरी ढाबे के पास मिलने वाले हैं. 35 वर्षीय विनय उर्फ सोनू राठौर निवासी रामकृष्ण बाग कॉलोनी, खजराना, 31 वर्षीय शुभम खेड़कर निवासी अहिल्या माता कॉलोनी, तुकोगंज, 22 वर्षीय युवराज सोनगरा उर्फ राज बच्चा निवासी वैभव लक्ष्मीनगर, खजराना तथा 28 वर्षीय अरविंद परमार निवासी वैभव लक्ष्मीनगर, खजराना की घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

हथियार और वाहन किए जब्त
पकड़े गए आरोपियों के पास से अपराध में उपयोग किए गए हथियार और वाहन जब्त कर जब आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे सेएक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा राउंड़, एक देशी पिस्टल और दो जिंदा राउंड़ के साथ ही वारदात में उपयोग की गई एक्टिवा भी जब्त की है. पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है ताकि वारदात के बारे में भी पूछताछ की जा सकें.

Next Post

आईडीए ने योजना 136 में सीएमआर 4 का दिया ठेका

Mon Oct 13 , 2025
इंदौर: आईडीए की योजना 136 में सीएमआर 4 पर बहुमंजिला इमारत बनाने का ठेका दे दिया है. उक्त इमारत का निर्माण 1 लाख वर्गफुट के प्लॉट पर होगा.30-30 फ्लैट के 3, 4 और 5 बेड रूम के फ्लैट बनेंगे. खास बात यह है कि उक्त बिल्डिंग का निर्माण 3 साल […]

You May Like