सवा सौ साल पुराना इमली वृक्ष ‘धरोहर वृक्ष’ घोषित हो

इंदौर: पर्यावरण नागरिक मंच की साधारण सभा का आयोजन जेल रोड स्थितश्रम शिविर में किया गया. सभा का मुख्य उद्देश्य शहर में पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों पर हो रहे अत्याचारों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा नागरिकों को इस दिशा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था. कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण जेल रोड स्थित लगभग 125 वर्ष पुराने इमली के वृक्ष को इंदौर की हरित धरोहर के रूप में चिन्हित करना रहा. इस अवसर पर शहर के अनेक पर्यावरण प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित थे.

कार्यक्रम के उद्घाटन भाषण में अभय जैन ने इंदौर में पर्यावरण आंदोलन के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार एमओजी लाइंस एवं मल्हार आश्रम विद्यालय जैसे जनआंदोलनों से लोग जुड़ते गए और यह एक मजबूत सामाजिक अभियान का रूप लेता गया. डॉ. ओपी जोशी ने आंकड़ों सहित बताया कि इंदौर अपनी हरियाली और बगीचों के लिए प्रसिद्ध था, परंतु अब स्थिति किस तरह चिंताजनक होती जा रही है. संदीप खानवलकर ने कहा कि आधुनिक शहरी जीवन में वृक्षों के प्रति लगाव घटने से समाज में पर्यावरणीय संवेदना भी कम हो रही है. डॉ. दिलीप वागेला ने बताया कि पेड़ों की पत्तियां वायु में उपस्थित 2.5 माइक्रोन कणों को अवशोषित कर प्रदूषण के दुष्प्रभावों को कम करती हैं, इसलिए हर वृक्ष मानव स्वास्थ्य के लिए वरदान है.

इस अवसर पर मुकेश वर्मा ने इंदौर शहर में पेड़ काटने वाले माफियाओं के विरुद्ध संघर्ष के उदाहरण साझा किए और नागरिकों से अपील की कि वे समूह में शिकायतें दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित करें. डॉ. राजेंद्र बाफना ने शासन द्वारा लगाए गए पेड़ों के भौतिक सत्यापन की मांग करते हुए इस दिशा में आंदोलन चलाने का आह्वान किया. राजेंद्र सिंह ने सीएम हेल्पलाइन एवं नगर निगम 311 एप पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया.कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्यामसुंदर यादव ने भविष्य में अधिक से अधिक नागरिकों को आंदोलन से जोडऩे और वृक्षों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ाने पर जोर दिया.

मंच ने बनाईआगे की यह कार्ययोजना
पर्यावरण नागरिक मंच की साधारण सभा में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि दीपावली के पश्चात शहरभर में जन-जागरूकता बढ़ाने एवं पेड़ों की सुरक्षा के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा. इस अवसर पर मौजूद सभी नागरिकों ने एकजुट होकर हरित इंदौर की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प भी लिया. कार्यक्रम का संचालन प्रणिता दीक्षित ने किया तथा आभार राहुल निहोरे ने माना. कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षक विजय दलाल, विवेक मेहता, विवेक अत्रै, डॉ. तेज प्रकाश व्यास, सैयद साजिद अली, शफी मोहम्मद शेख, प्रमोद नामदेव, स्वप्निल जोशी, डॉ. घनश्याम ठाकुर, हिमांशु मेहता, रुद्रपाल यादव, मनिंदर सिंह धर आदि भी उपस्थित थे

Next Post

उपमुख्यमंत्री ने राजवाड़ा पर मिट्टी के दिए व पूजन सामग्री खरीदी

Mon Oct 13 , 2025
इंदौर: रविवार को उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शहर के ह्रदय स्थल राजवाड़ा पहुंचकर आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत देशी मिट्टी के दिए और पूजन सामग्री खरीदकर स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया।उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने जनता से स्वदेशी वस्तुएँ खरीदने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने […]

You May Like

मनोरंजन