अवैध मादक पदार्थों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

सीधी:पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट-कुसमी आशुतोष द्विवेदी के पर्यवेक्षण में तथा थाना रामपुर नैकिन एवं कुसमी के नेतृत्व में चौकी खड्डी तथा पोड़ी की पुलिस टीमों ने दो अलग-अलग प्रकरणों में अवैध नशीले पदार्थों के विक्रेताओं एवं तस्करों पर निर्णायक कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रतिबंधित मादक पदार्थ एवं अन्य मसरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि सीधी पुलिस ने विगत माह के दौरान अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। हमारा संकल्प है कि जिले को पूरी तरह नशा मुक्त बनाया जाए। इस प्रकार की सख्त कार्यवाहियाँ आगे भी जारी रहेंगी और नशा व्यापार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को कानून के कठघरे में लाया जाएगा।

प्रथम मामले में- चौकी प्रभारी खड्डी सहायक उप निरीक्षक नीरज साकेत को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम रकेला निवासी एक महिला अपने घर के सामने अवैध नशीली कफ सिरप की बिक्री कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर छापामार कार्यवाही की। पुलिस को देखकर आरोपिया सुनीता गौतम भागने का प्रयास करने लगी, जिसे महिला आरक्षक द्वारा पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपिया के कब्जे में रखी बोरी से 12 कार्टन कुल 300 शीशियां, इस्कुफ सिरप (कोडिन फास्फेट 100एमएल) बरामद हुई। जिनकी कुल अनुमानित कीमत 63360 रूपये आंकी गई। बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जप्त करते हुए आरोपिया सुनीता गौतम पत्नी रमेश गौतम निवासी रकेला के विरुद्ध धारा 8, 21, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 5/13 ड्रग कंट्रोल एक्ट, 1949 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपिया ने बताया कि उक्त सिरप उसका लडक़ा लाकर देता था और पुलिस की कार्यवाही से बचने के लिए उससे बिक्री करवाई जाती थी। स्रोत एवं आपूर्ति श्रृंखला की खोज में पुलिस टीम सक्रिय है। खड्डी पुलिस द्वारा अवैध नशा विक्रेताओं के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यह कार्यवाही की गई, ताकि क्षेत्र में यह स्पष्ट संदेश जाए कि नशे के कारोबारियों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।
दूसरे मामले में- चौकी प्रभारी पोड़ी सहायक उप निरीक्षक डी.के.रावत को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति नीली पल्सर मोटरसाइकिल से ग्राम ददरी रोड से ग्राम पोड़ी की ओर अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर तत्काल कार्रवाई के निर्देशों के तहत टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद नीली टी-शर्ट व काली जींस पहने एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। रोकने के प्रयास पर वह भागने लगा, किन्तु पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अहिवरण सिंह पिता बाबूलाल सिंह उम्र 32 वर्ष निवासी मिठोली थाना जैतपुर जिला शहडोल बताया।

उसके कब्जे के बैग की तलाशी लेने पर 2 किलो 51 ग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही बजाज पल्सर मोटर साइकिल कीमत 80000 एवं ओप्पो मोबाइल कीमत 7000 भी जब्त किए गए। बरामद मादक पदार्थ एवं मसरूका की कुल कीमत 112000 आंकी गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 8, 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल सीधी भेजा गया। आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लाया था, इसकी जांच जारी है और उसके स्रोत पर भी शीघ्र वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाही में योगदान
प्रथम मामले में निरीक्षक सुधांशु तिवारी थाना प्रभारी रामपुर नैकिन, सउनि नीरज साकेत चौकी प्रभारी खड्डी, महिला प्रधान आरक्षक सरोज रावत, आरक्षक रविन्द्र सिंह, प्रकाश सिंह, विवेक सिंह, महिला आरक्षक अंजली सिंह, सैनिक कृष्णकुमार पाण्डेय, राजबहोर द्विवेदी एवं साइबर सेल सीधी के आरक्षक प्रदीप मिश्रा का उल्लेखनीय योगदान रहा। जबकि दूसरे मामले सउनि डी.के.रावत, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र रावत, आरक्षक रोशन सिंह, उमेश द्विवेदी एवं अभिषेक मिश्रा की सक्रिय भूमिका रही।

Next Post

शराब के नशे में पाये गये 8 ट्रक एवं 1 मिनी बस के चालक

Sun Oct 12 , 2025
सिंगरौली: शनिवार एवं रविवार की रात यातायात की पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थान निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा एवं पुराना टै्रफिक तिराहा बैढ़न में चालको की विशेष चेकिंग किया, जहां 8 ट्रक चालक एवं 1 मिनी बस चालक नशे की हालत में पाये गये। यातायात पुलिस टीम ने वाहनों को जप्त […]

You May Like