श्योपुर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाडली बहनों को दीवाली उपहार देते हुए उनके खाते में 1541 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर किए। एक करोड़ 27 लाख महिलाओं के लिए यह 29वीं किस्त है। इसके अलावा, सीएम ने 532 करोड़ 39 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।सीएम ने कहा कि चीता प्रोजेक्ट हर जगह फेल हुआ है, लेकिन श्योपुर में सफल रहा है। दिवाली के बाद लाड़ली बहनों के लिए डेढ़ हजार रुपए महीना चालू हो जाएगा। भाजपा सरकार में 32 मेडिकल कॉलेज बने हैं। सिर्फ एक साल में 8 मेडिकल कॉलेज खुले हैं। जल्द ही, नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज श्योपुर में बनाए जाएंगे।
इससे पहले, सीएम ने रोड शो किया। इस दौरान नगरपालिका कार्यालय पर लोगों ने उन्हें गदा भेंट की। सीएम ने गदा लहराई। मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना की। सीएम हेलीकॉप्टर से स्टेडियम ग्राउंड स्थित हेलीपैड पर उतरे। यहां विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने अगवानी की। मुख्य कार्यक्रम हजारेश्वर महादेव मेला ग्राउंड में आयोजित किया गया।
श्योपुर को मिलीं ये सौगातें
सालापुर से मातासूला तक सड़क बनेगी। ढोढर के कॉलेज विज्ञान और गणित की कक्षाएं प्रारंभ होंगी। श्योपुर में ट्रांसपोर्ट नगर बनेगा। सीप नदी और कनवा नदी के घाटाें का सौंदर्यीकरण होगा। ढोढर में सांदीपनी स्कूल बनेगा।
