
पन्ना।पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में पन्ना पुलिस द्वारा ऑनलाइन ठगी के एक गंभीर प्रकरण में बड़ी सफलता प्राप्त की गई है। पन्ना पुलिस द्वारा थाना पवई में करीब 14 लाख रूपये की सायबर ठगी के मामले में दर्ज अपराध धारा 318(4) बी एन एस में साइबर ठगी करने वाले झारखण्ड के अंतर्राज्यीय शातिर सायबर अपराधियों की गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी पन्ना श्रीमती नायडू ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में फरियादी अशोक कुमार सोनी निवासी ग्राम सिमरिया गुलाब सिंह, हाल निवासी वार्ड क्रमांक 10 पवई ने थाना पवई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मोबाइल के माध्यम से स्वयं को एसबीआई कार्ड अधिकारी बताकर उनके बैंक खाते से करीब 14 लाख रूपये की ऑनलाइन ठगी की गई है। पुलिस ने 02 संदेहियों को पुलिस टीम द्वारा ग्राम ऊपर बिलेरिया, थाना पथरौल, जिला देवघर (झारखंड) से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस अभिरक्षा में लिये गये संदेहियों हसन रजा पिता मोहम्मद शकील अंसारी उम्र 27 साल निवासी ग्राम कसईया थाना पथरौल जिला देवघर झारखण्ड, इरफान अंसारी पिता अताउल अंसारी उम्र 25 साल निवासी ग्राम उपर बिलेरिया थाना पथरौल जिला देवघर झारखण्ड से पूँछताछ किये जाने पर उक्त संदेहियों द्वारा अपराध कारित किया जाना स्वीकार किया गया । पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के बताये अनुसार आरोपियों के कब्जे से फ्रॉड की गई राशि में से 08 लाख 50 हजार रूपये नगद, सोना 18 ग्राम, 01 कि ग्रा. चाँदी, 01 लैपटॉप, 10 मोबाइल (01 मोबाइल फ्रॉड की राशि से शेष 09 उपयोग किये गये मोबाइल), 15 सिमकार्ड, चेकबुक/पासबुक, एटीएम कार्ड/क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड एवं अन्य दस्तावेज सहित करीब 16 लाख रूपये का मशरूका जप्त किया जाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में 02 अन्य आरोपी गिरफ्तार होना शेष है। मामले में विवेचना जारी है।
