
नारायणगंज। थाना टिकरिया पुलिस ने ग्राम चीरी में विगत माह सूने घर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी का माल भी बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए एक आरोपी पर पहले से ही चोरी के सात मामले दर्ज हैं। बताया गया कि विगत माह 20 सितंबर को थाना टिकरिया क्षेत्र के ग्राम चीरी में अज्ञात चोरों द्वारा एक सूने घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। फरियादी की शिकायत पर थाना टिकरिया में अज्ञात चोरों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।
जानकारी अनुसार चोरी के मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी निवास के निर्देशन में थाना प्रभारी टिकरिया निरीक्षक गोपाल घासले द्वारा तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम को चोरी गए माल की बरामदगी और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का जिम्मा सौंपा गया था। गठित पुलिस टीम ने अलग-अलग स्रोतों से मिली जानकारी और अपने विश्वसनीय मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदेही अभय सिंगरौरे उर्फ साजन सिंगरौरे निवासी मैली को हिरासत में लेकर उससे कड़ाई से पूछताछ की।
पूछताछ में अभय सिंगरौरे ने अपने साथी अंकित सिंगरौरे के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ताला तोड़कर घर से 2 जोड़ चांदी की पायल, 2 कट्टी मटर और एक मोबाइल फोन चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी अभय सिंगरौरे पिता दिनेश सिंगरौरे निवासी मैली और आरोपी अंकित सिंगरौरे निवासी मलारा के कब्जे से चोरी की गई 2 जोड़ी चांदी की पायल और 2 कट्टी मटर जप्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
अपराधी का है पुराना रिकॉर्ड :
गिरफ्तार आरोपी अभय सिंगरौरे आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के सात मामले विभिन्न थानों में पंजीबद्ध हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि स्पष्ट होती है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। चोरी की इस घटना का खुलासा करने में थाना प्रभारी टिकरिया निरीक्षक गोपाल घासले के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक पंकज सिंह बिष्ट, आरक्षक प्रशांत बघेल, दीपक द्विवेदी, शरद शाह परते, रामरतन मसखरे, आशुतोष उपाध्याय, सुरेन्द्र ठाकुर और प्रकाश जंघेला की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
