लीमा, 10 अक्टूबर (वार्ता) पेरु में राष्ट्रपति दीना बोलुआर्ते के त्यागपत्र के बाद देश की संसद ने जोस जेरी ओरे को नया राष्ट्रपति चुन लिया है।
स्थानीय मीडिया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इसमें कहा गया है कि सुश्री बोलुआर्ते बीते कुछ दिनों से भ्रष्टाचार और कुशासन के आरोपों का सामना कर रही थीं। उनको पद से हटाने संबंधी प्रस्ताव संसद में लाया गया था। जब प्रस्ताव पर मतदान हुआ तो उनके खिलाफ 122 मत डाले गये। सुश्री बोलुआर्ते ने इस मतदान में हिस्सा नहीं लिया।
मतदान के बाद कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर काम कर रहे जोस जेरी ओरे को नया राष्ट्रपति चुनकर शपथ भी दिला दी गयी। वह 28 जुलाई, 2026 तक इस पद पर बने रहेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद पर फर्नांडो रोस्पिग्लियोसी को चुना गया।
गत नौ अक्टूबर को, सुश्री बोलुआर्टे के खिलाफ चार महाभियोग प्रस्ताव लाये गये थे। इसकी शुरुआत पोडेमोस पेरू, रेनोवेशन पॉपुलर और सोशलिस्ट कॉकस पार्टियों ने की थी। इन दलों का आरोप था कि उनके शासन के दौरान असुरक्षा और जबरन वसूली की बाढ़ आ गयी थी।
दीना बोलुआर्टे के वकील, जुआन कार्लोस ने कहा कि संसदीय प्रक्रिया उनके अधिकारों का उल्लंघन करती है।

