कोल्हापुर, 09 अक्टूबर (वार्ता) आयकर विभाग ने कोल्हापुर के उद्योगपति अनूप बंसल के महाराष्ट्र, गोवा और उत्तर प्रदेश स्थित आलीशान बंगले, इस्पात कारखाने, कार्यालयों एवं आवासों पर एक साथ छापेमारी कर इस दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किये।
आयकर विभाग ने गुरुवार को कहा कि बंसल द्वारा दशहरे के दौरान 1.75 करोड़ रुपये मूल्य की एक लग्जरी कार खरीदने की सूचना प्राप्त होने के बाद यह छापेमारी की गई। बुधवार सुबह कागल एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित उनके इस्पात कारखाने, उनके बंगले और गोवा तथा उत्तर प्रदेश स्थित मुख्य कार्यालयों पर तलाशी शुरू की गयी।
अधिकारियों ने बंसल की इस्पात कंपनी से जुड़े अन्य निदेशकों के आवासों पर भी छापेमारी की। तलाशी के दौरान, आयकर विभाग को बंसल के ज़मीन, रियल एस्टेट, सोने और शेयर निवेश से जुड़े दस्तावेज़ प्राप्त हुये।
उल्लेखनीय है कि त्योहार के दौरान खरीदी गई लक्ज़री कार को अभी तक आरटीओ से उसका पंजीकरण नंबर नहीं मिला है। तलाशी अभियान के दौरान बंसल के बंगले और इस्पात कारखाने परिसर में सुरक्षा बनाए रखने के लिए आज बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
