जबलपुर : वेटरनरी साइंस यूनिवर्सिटी, जबलपुर एवं वेटरनरी इंटरनल एंड प्रिवेंटिव मेडिसिन सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में छठा वार्षिक अधिवेशन एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी का बुधवार को शुभारम्भ लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के मुख्यआतिथ्य और विशिष्ट अतिथि पशु पालन, डेयरी मंत्री लखन पटेल व कुलपति मनदीप शर्मा की अध्यक्षता में वीयू महाविद्यालय का तीन दिवसीय 6वें वार्षिक अधिवेशन का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में देशभर के वैज्ञानिक पहुंचे हैं जो जलवायु संकट में पशुचिकित्सा का कायाकल्प व पशु स्वास्थ्य के लिए एआई के उपयोग अपना व्याख्यान दे रहे हैं। मुख्य अतिथि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सम्मेलन के आयोजकों को शुभकामनाएं दी तथा पशु चिकित्सकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे ग्रामीण आजीविका की रक्षा एवं पशुधन स्वास्थ्य संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि लखन पटेल ने नवाचार एवं शिक्षा की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा पशु चिकित्सकों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर पशु उत्पादन एवं कल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने चाहिए। कुलपति प्रो मनदीप शर्मा ने कहा कि उभरते और पुनः उभरते पशु रोगों से निपटने के लिए पशु चिकित्सा अनुसंधान एवं व्यवहार में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा विश्लेषण एवं उन्नत तकनीकों का समावेश अत्यंत आवश्यक है।तीन दिवसीय कार्यक्रम के प्रथम चरण में मंचासीन अतिथियों द्वारा मंच से राष्ट्रीय संगोष्ठी के कंपेन्डीयम, न्यूज लेटर, वेब एप्लीकेशन तथा डॉ वाष्र्णेय की पुस्तक होम्योपैथी इन वेटरिनरी मेडिसिन का अनावरण एवं विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया। प्रथम दिवस के द्वितीय चरण में विभिन्न टेक्निकल सेशंस रखे गए एवं तृतीय चरण में छात्र छात्राओं द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
देशभर से 400 वैज्ञानिक व विद्यार्थी होंगे शामिल
कार्यक्रम में देशभर से 400 वैज्ञानिक, शोधकर्ता, नीति-निर्माता व विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। कुल शोध 438 शोध और 14 मुख्य शोध प्रस्तुत किए जा रहे हैं। जिसमें कुल 9 तकनीकी सत्र होंगे। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ एस एस तोमर, आयोजक अधिष्ठाता डॉ आरके शर्मा, आयोजक सचिव डॉ देवेंद्र गुप्ता, वीआईपीएम के अध्यक्ष डॉ ए यू भीकाने तथा वीआईपीएम के सचिव डॉ नीलेश शर्मा, सहसचिव डॉ अमिता तिवारी, डॉ बृजेश सिंह, सहायक कुल सचिव डॉ रामकिंकर मिश्र, जनसंपर्क अधिकारी डॉ सोना दुबे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।
