बालाघाट: परसवाड़ा थाना क्षेत्र के लिंगा के पास, झूलते बिजली के तार के करेंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने बिजली कार्यालय के सामने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया है।जानकारी अनुसार पिकअप वाहन के डाले में बैठकर परसवाड़ा थाना अंतर्गत सरेखा के कुमादेही निवासी मनोज पटले, घर जा रहा था।
सायंकाल तकरीबन 4 से 5 बजे के बीच लिंगा गांव के पास, पिकअप वाहन चालक ने सड़क के गढ्ढे से वाहन को साईड से ले जाने के लिए गाड़ी टर्न की ही थी कि वाहन के डाले में बैठा, युवक सड़क किनारे, बिजली तार के करेंट की चपेट में आ गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जैसे ही यह खबर, परिजन और गांववालों को मिली। वैसे ही सभी लोग, परसवाड़ा पहुंचे और बिजली कार्यालय के सामने प्रदर्शन शुरू कर चक्काजाम कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीओपी और लामता, परसवाड़ा और बैहर की पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची। जहां उन्होंने प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन परिजनो और ग्रामीणों की मांग है कि मृतक को मुआवजा दिया जाए तथा लापरवाही पर बिजली अधिकारी पर कार्यवाही की जाए। परिजन और ग्रामीण, बिजली विभाग के अधिकारी को घटनास्थल बुलाने पर अड़े है।
जिले में बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीण क्षेत्रो में बिजली के तार झूलते नजर आते है, जिसके कारण, मंगलवार को एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक मधु भगत, पूर्व सांसद कंकर मुंजारे भी घटनास्थल पहुंचे है।अभी भी प्रदर्शन जारी है और प्रशासन, पुलिस तथा जनप्रतिनिधि परिजनों को समझाने में जुटे है।
