रीवा: भू-माफियाओं की नजर अब शासकीय भूमि के साथ तालाबो पर है. राजस्व दस्तावेजो में छेड़छाड़ कर तालाब की भूमि को हथियाने में लग गये है. रायपुर कर्चुलियान तहसील के ग्राम पंचायत पहडिय़ा में आम निस्तार के तालाब पर माफियाओं की नजर पड़ गई है. 32 एकड़ के तालाब का जिला पंजीयक कार्यालय ने बकायदा आधा दर्जन से अधिक व्यक्तियों के नाम एग्रीमेंट कर दिया गया है.
एग्रीमेंट को निरस्त कराने सरपंच ने संभागायुक्त से आवेदन देकर गुहार लगाई है तो वही पूर्व सरपंच ऋषि पाण्डेय के नेतृत्व में सैकड़ो लोग कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन दिये है. पहडिय़ा पंचायत के एक तालाब को बिक्री करने के लिए विधिवत अनुबंध पत्र तैयार करा लिए गए हैं. पहडिय़ा ग्राम पंचायत की सरपंच मनीषा तिवारी ने संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपकर तालाब को बिक्री होने से बचाने का आग्रह किया है. सार्वजनिक तालाब ग्राम पहडिय़ा की आराजी खसरा क्रमांक 521/1, 521/2, 521/3/1, 531/3/2, 521/3/5, 521/3/7 का रजिस्टर्ड अनुबंध पत्र 22 सितम्बर को उप पंजीयक रीवा द्वारा किया गया है.
इसके बाद 29 सितम्बर सरपंच मनीषा तिवारी ने जिला पंजीयक से पूरे मामले की शिकायत करते हुए एग्रीमेंट पर आपत्ति दर्ज कराई थी. खास बात यह है कि उक्त तालाब का स्थगन आदेश उच्च न्यायालय जबलपुर में एएएनओ 2385/2022 में दिनांक 15 मार्च 2024 को किया गया था. उच्च न्यायालय से मिले स्थगन के बाद भी सम्पूर्ण आराजी को बिक्री किए जाने का अनुबंध पत्र बनाया जा चुका है.
प्रशासन अगर समय रहते पूरे मामले की जांच कर कार्यवाही नही करता तो एक और तालाब बिक जाएगा. बतादें कि जिले में ऐसे कई तालाब है जिन्हे खुर्द बुर्द कर दिया गया है. फिलहाल मामला कलेक्टर के पास है, जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वास्तविकता क्या है. लेकिन तालाब के अस्तित्व को लेकर पहडिय़ा ग्राम पंचायत के लोगो में भारी आक्रोश है. अनुबंध निरस्त किये जाने की मांग की गई है. जिले भर में भू-माफिया सक्रिय है जो राजस्व अमले के साथ मिलकर जमीनो में हेराफेरी करते है. ऐसे कई मामले सामने आ चुके है.
इनके साथ किया गया अनुबंध
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव के कन्हैया सिंगरहा बगैरह ने सम्पूर्ण भूमि का अनुबंध अशोक कुमार सिंह, सियाशरण केवट, अशोक कुमार मौर्य, संतोष कुमार शुक्ला, आशीष सिंह आदि के नाम पर किया गया है. शिकायत पत्र में बताया गया है कि उच्च न्यायालय जबलपुर में प्रकरण विचाराधीन है, साथ ही यथास्थित रखे जाने का आदेश भी पारित है. बावजूद इसके भूमि का अनुबंध कर लिया गया है.
सरपंच ने शिकायत की है: संभागायुक्त
रीवा कमिश्नर बीएस जामोद ने बताया कि ग्राम पंचायत पहडिय़ा स्थित तालाब बिक्री किए जाने की शिकायत हमारे पास सरपंच द्वारा की गई है. जांच के लिए उसे कलेक्टर के पास भेजा गया है. जो भी तथ्य सामने आएगे उसके आधार पर कार्यवाही की जाएगी
