फसल मुआवजा को लेकर स्टेट हाइवे रोका,ब्यावरा-सुठालिया मार्ग पर चक्काजाम

ब्यावरा। सोयाबीन सहित अन्य खरीफ फसल को पीला मोजेक रोग एवं अतिवृष्टि से भारी नुकसान पहुंचा है बावजूद इसके जिले का नाम मुआवजा वाले जिले की सूची में नहीं है. फसलों के मुआवजे के लिए मंगलवार को ब्यावरा-सुठालिया स्टेट हाइवे मार्ग पर निवानिया तलावली जोड़ के यहां किसानों के द्वारा चक्काजाम कर फसलों का मुआवजा दिए जाने की मांग की.

फसल का मुआवजा व बीमा नहीं मिलने के विरोध में चक्का जाम किया गया. निवानिया तलावली जोड़ पर बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हुए और इसके बाद चक्काजाम कर दिया गया.

कहा गया कि अत्यधिक वर्षा एवं पीला मोजेक रोग से जिले के किसानो की सोयाबीन फसल को भारी नुकसान हुआ है. आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है. विगत दिवस शासन के द्वारा 17-18 जिलों में सोयाबीन फसल का मुआवजा वितरण को लेकर सूची जारी की गई जिसमें राजगढ़ जिले को छोड़ दिया गया है, जबकि राजगढ़ जिले में एक बीघा भूमि में 40 किलो से लेकर एक क्विंटल भी बमुश्किल उत्पादन हुआ है. शासन द्वारा सर्वे कराया गया मगर आज तक शासन को सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई है. कृषकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

आश्वासन के बाद माने

चक्काजाम के चलते दोनों और वाहनों की लाइन लग गई. सुठालिया तहसीलदार दौलजीराम अहिरवार सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा. किसानों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए फसल नुकसान का बीमा क्लेम शीघ्र प्रदान करने की मांग की. उचित आश्वासन के बाद चक्काजाम खत्म कर दिया गया.

इस दौरान निवानिया, तलावली, बरखेड़ा, तलेनी, सेमली, बैलास, मानकी, भगोरा, जेपला, जेपली, दुर्गापुरा, धानियाखेड़ी सहित अनेक गांवों के किसान उपस्थित रहे.

अधिक नुकसान फिर भी अनदेखी

किसानों का कहना है कि अन्य जिलो में सोयाबीन फसल नष्ट होने पर मुआवजा दिया गया है. लेकिन राजगढ़ जिले के किसानों को अब तक इससे वंचित रखा गया है. जबकि जिले में सोयाबीन फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. फसल बुरी तरह चौपट हो गई है. प्रति बीघा में 40 किलो से तो सर्वाधिक 1 क्विंटल तक ही फसल निकली है. न राहत राशि मिली है और न ही फसल बीमा मिला है. मौके पर पहुंचे सुठालिया तहसीलदार दौलजीराम अहिरवार को ज्ञापन सौंपते हुए फसल नुकसान का बीमा क्लेम शीघ्र प्रदान करने की मांग की.

किसान महापंचायत आज

भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के तत्वावधान में आज नगर में प्रात: 11 बजे किसान महापंचायत का आयोजन रखा गया है. यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रामजगदीश दांगी के अनुसार आज प्रात: 11 बजे पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप श्री देवनारायणजी मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की जाएगी. जिसमें किसानों को फसलों के हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिए जाने आदि बिंदुओं पर चर्चा एवं आगामी रणनीति तैयार करने पर चर्चा की जाएगी. तत्पश्चात एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा.

Next Post

झोलाछाप ने लगाया था मासूम बालिका को इंजेक्शन, पांच दिन कोमा में रहने के बाद मौत

Tue Oct 7 , 2025
सीहोर।प्रदेश के छिंदवाड़ा में जहरीले सिरप से हुई मासूम बच्चों की मौत के बाद परिजनों के आंसू भी नहीं सूखे थे कि शहर के समीपस्थ ग्राम बरखेड़ी के एक झोलाछाप डॉक्टर ने गलत इंजेक्शन लगाते हुए दो वर्षीय एक मासूम बालिका की जिंदगी पर विराम लगा दिया. पहले जिला अस्पताल […]

You May Like