मोदी ने स्थापित किए सुशासन और गरीब कल्याण के नए आयाम : रविशंकर

नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने यहां मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 24 साल पूरे होने पर कहा कि वह बिना थके, बिना रुके सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के नए आयाम स्थापित करते हुए भारत के निर्माण के प्रति समर्पित भाव से काम कर रहे हैं।

श्री प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज संवैधानिक प्रमुख के रूप में 25वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। 24 साल पहले उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा की शपथ ली थी और आज तक प्रधानमंत्री के तौर पर ये क्रम जारी है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी बिना थके, बिना रुके सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के नए आयाम स्थापित करने के साथ-साथ नए भारत के निर्माण के प्रति समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। आज देश के गरीब, किसान, युवा और महिला सभी वर्गों का समग्र विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अब तक 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ चुके हैं। यह देश की नारी शक्ति का विकास ही है कि वो ड्रोन दीदी भी हैं, एयरफोर्स पायलट भी हैं और जीविका दीदी भी हैं। उनका विस्तार हर जगह हो रहा है। देश की युवा शक्ति नए-नए अवसर जैसे स्टार्ट अप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी की अगुवाई में जो डिजिटल भारत बना है, आज उसकी सराहना पूरी दुनिया करती है। आधार कार्ड, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर, मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग के अंतर्गत बने 95 करोड़ स्मार्टफ़ोन और सभी के लिए आधार कार्ड की उपलब्धता इसका प्रमाण हैं। डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में भारत दुनिया की एक बड़ी ताकत बन चुका है।

श्री प्रसाद ने कहा कि यह समग्र, सम्यक और समावेशी विकास का उदाहरण है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में समावेशी विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि आज भारत ‘मेक इन इंडिया’ के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर एयर फोर्स के विमान और सेना के उपकरण तक, सभी का निर्माण कर रहा है। यह नया भारत है, जिसकी अर्थव्यवस्था विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है और तीसरे स्थान की ओर अग्रसर है।

श्री प्रसाद ने एक अन्य बयान में पश्चिम बंगाल में भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर ऊपर हुए जानलेवा हमले पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सुश्री ममता ‘मां माटी मानुष’ की बात करती हैं, लेकिन आज बंगाल की यह स्थिति है कि बाढ़ का जायजा लेने केंद्रीय मंत्री और विधायक तक नहीं जा सकते। जब भारतीय जनता पार्टी के आदिवासी समुदाय से आने वाले सांसद व विधायक वहां गए तो उनपर जानलेवा हमला किया गया। श्री प्रसाद ने कहा कि जंगलराज केवल बिहार में या लालू यादव के राज में ही नहीं था, आज बंगाल में ममता बनर्जी के शासन में भी जंगलराज है, जहां लोकतंत्र खत्म हो चुका है।

 

 

Next Post

भविष्य के युद्ध एल्गोरिदम, स्वचालित प्रणालियों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से लड़े जाएंगे: राजनाथ

Tue Oct 7 , 2025
नयी दिल्ली 07 अक्टूबर (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जोर देकर कहा है कि अब युद्ध के मैदान बदल रहे हैं और आने वाले युद्ध एल्गोरिदम, स्वचालित प्रणालियों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से लड़े जाएंगे। ऑपरेशन सिंदूर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अब ड्रोन, ड्रोन रोधी प्रणाली और […]

You May Like