
सीहोर। जिले में किसानों को फसल बीमा राशि व खाद न मिलने की समस्या को लेकर कांग्रेस खुलकर उनके पक्ष में आ गई है। गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में कटोरा लेकर नारेबाजी की।
ज्ञापन में कहा गया कि किसानों को फसल बीमा राशि नाममात्र की मिली है किसी को 100 तो किसी को मात्र 200 रुपए। कहीं तो बीमा राशि आई ही नहीं। इसे किसानों के साथ मजाक बताते हुए राशि का पुनरीक्षण कर सम्मानजनक भुगतान की मांग की गई। साथ ही डीएपी व यूरिया खाद की भारी किल्लत का मुद्दा उठाते हुए कहा गया कि किसान बारिश में घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन खाद नहीं मिल रहा। मजबूर होकर कर्ज लेकर किसान कालाबाजारी से खाद खरीदने पर विवश हैं।
कांग्रेस ने मांग की कि पर्याप्त खाद उपलब्ध कराया जाए, असामान्य वर्षा से प्रभावित फसलों का सर्वे कर क्षतिपूर्ति दी जाए। साथ ही ओबीसी आरक्षण संबंधी लंबित प्रकरणों का समाधान कर अधिसूचना वापस ली जाए, ताकि वर्ग को लाभ मिल सके।
इस अवसर पर प्रदेश व जिले के वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
