
इंदौर। कलेक्टर-कमिश्नर कांफ्रेंस में इंदौर जिले की नई उपलब्धियों ने आज सबका ध्यान खींचा। इंदौर के पूर्व कलेक्टर आशीष सिंह ने हर ग्राम पंचायत में उद्योग इकाई स्थापित करने की सफलता साझा की, वहीं वर्तमान कलेक्टर शिवम वर्मा ने जिले में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे व्यापक प्रयासों का ब्यौरा पेश किया। दो दिवसीय कलेक्टर कांफ्रेंस में इंदौर के दोनों कलेक्टर्स ने जिले की प्रगति की झलक दी। आशीष सिंह ने बताया कि जिले की हर ग्राम पंचायत में कम से कम एक उद्योग इकाई स्थापित कर रोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने उद्योगों के सुचारू संचालन और स्थानीय स्तर पर व्यवसाय बढ़ाने की रणनीतियों पर भी प्रकाश डाला।
वहीं, वर्तमान कलेक्टर शिवम वर्मा ने वायु गुणवत्ता सुधार के लिए जिले में चलाए जा रहे विभिन्न उपायों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी, हरित क्षेत्रों का संवर्धन और औद्योगिक उत्सर्जन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
कलेक्टरों की ये प्रस्तुतियां दर्शाती हैं कि इंदौर जिले में समग्र विकास और पर्यावरण संरक्षण को समान महत्व दिया जा रहा है, जिससे जिले का मॉडल अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्त्रोत बन रहा है।
