
नीमच। जिले में शुक्रवार को अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेती और मिट्टी से भरे पांच वाहनों को जब्त किया है। जब्त किए गए वाहनों में दो डंपर, एक ट्राला तथा दो ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनिज परिवहन करने वालों में हडक़ंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया। ट्राला क्रमांक आरजे 09 जीएफ 7111 को नीमच सिटी क्षेत्र से अवैध रूप से रेती परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जबकि डंपर क्रमांक आरजे 09 जीई 6768 को सरवानिया महाराज क्षेत्र से रेती ले जाते समय जब्त किया गया। इसके अलावा रेती से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी पकड़ी गईं। एक अन्य वाहन मिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पाया गया, जिसे भी विभाग ने जब्त कर लिया।
पूरी कार्रवाई प्रभारी खनिज निरीक्षक सुनील जाधव के नेतृत्व में टीम द्वारा की गई। विभाग की इस सख्त कार्रवाई को जिले में अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खनिज शाखा की लगातार मुस्तैदी से स्पष्ट है कि प्रशासन अब अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। लगातार हो रही कार्रवाइयों से खनिज माफियाओं में बेचैनी बढ़ गई है।
