
बेगमगंज। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री सियावास हिंदू उत्सव समिति द्वारा गांधी बाजार परिसर में भव्य पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी दुर्गा उत्सव एवं गणेश उत्सव में मूर्ति सजा, झांकी सजा और विद्युत सज्जा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों को सम्मानित किया गया।
इस वर्ष समिति अध्यक्ष जितेंद्र सिंह तोमर ने नवाचार करते हुए स्वच्छता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की नई श्रेणियां जोड़ीं, जिनमें भी श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी के मुख्य आतिथ्य में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। भजन वंदना के साथ वातावरण भक्तिमय बना और देवी भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
समिति अध्यक्ष तोमर एवं पदाधिकारियों ने संरक्षकों, संचालकों और अतिथियों का माल्यार्पण, तिलक एवं पुष्पमालाओं से स्वागत किया। अखाड़ा प्रदर्शन में सभी गुरु और सहगुरुओं को स्मृतिचिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण में प्रमुख विजेता इस प्रकार रहे:
दुर्गा उत्सव: मूर्ति सजा – मां खेड़ापति मैया साईं मंदिर, झांकी सजा – श्री दुर्गा उत्सव समिति जगदीश मंदिर, विद्युत सज्जा – दुर्गा उत्सव समिति बीलवाली माता झंकार वीडियो।
स्वच्छता श्रेणी: मां नव दुर्गा उत्सव समिति गंभीरिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम: पगड़ी वाली माता समिति गणेश मंदिर।
गणेश उत्सव: मूर्ति सजा श्री सिद्धिविनायक गणेश उत्सव समिति शिवालय मंदिर, झांकी सजा – एचपी पब्लिक गणेश उत्सव समिति, विद्युत सज्जा – श्री महाकाल उत्सव समिति खिरका मंदिर, स्वच्छता – श्री गणेश उत्सव समिति अयोध्या नगर, सांस्कृतिक कार्यक्रम – श्री देवा उत्सव समिति घोसी मोहल्ला।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध जादूगर विक्रम सिंह ठाकुर का जादू शो रहा, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस अवसर पर पत्रकार बंधुओं, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, बिजली विभाग एवं नगर पालिका कर्मचारियों को भी स्मृतिचिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समिति अध्यक्ष जितेंद्र सिंह तोमर ने कार्यक्रम के दौरान श्री कामधेनु सेवा समिति को गौसेवा के लिए 15,000 का चेक भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप सोनी शून्य और आदित्य श्रीवास्तव ने किया।
अंत में शरद पूर्णिमा के उपलक्ष्य में खीर वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद स्वरूप खीर ग्रहण कर उत्सव की आनंदमयी अनुभूति पाई।
