चीन:तूफान ‘वुटिप’ में फंसे जहाज़ के चालक दल के सदस्य बचाये गये

सान्या, 13 जून (वार्ता) दक्षिण चीन के द्वीप प्रांत हैनान में तूफ़ान ‘वुटिप’ में फंसे एक जहाज के चालक दल के 12 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि कल शाम सूचना मिली थी कि हैनान के दक्षिण-पश्चिमी तट से करीब 14 समुद्री मील (लगभग 26 किलोमीटर) दूर एक जहाज पर मौजूद 12 लोग तूफान में फंसे हुये हैं।

अधिकारियों ने कहा कि बचाव दल स्थानीय समयानुसार शाम 6:30 बजे रवाना हुआ और रात करीब 11:50 बजे घटनास्थल पर पहुंचा जहां तीन मीटर ऊंची लहरें उठ रही थीं। करीब 43 मिनट के भीतर सभी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

अधिकारियों ने शुक्रवार दोपहर तक सभी के सुरक्षित स्थान पर पहुँचने की उम्मीद जतायी।

उल्लेखनीय है कि तूफ़ान वुटिप कल रात क़रीब आठ बजे एक गंभीर उष्णकटिबंधीय तूफान में बदल गया। तूफान आज सुबह 10 बजे तक हैनान के लेदोंग ली स्वायत्त काउंटी के पास स्थित था। वहां हवा की रफ्तार 101 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गयी। तूफ़ान उत्तर-पश्चिम दिशा में पांच से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।

तूफ़ान के मद्देनज़र सान्या में सभी किंडरगार्टन, स्कूल, निर्माण स्थल और पर्यटक आकर्षण स्थल बंद कर दिये गये हैं।

सान्या हवाई अड्डे ने गुरुवार रात 10 बजे से सभी उड़ानें स्थगित कर दी है। पूरे प्रांत में हाई-स्पीड ट्रेन सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।

हवाई अड्डे और रेलवे का परिचालन शनिवार से बहाल होने की उम्मीद है।

नन्हाई रेस्क्यू ब्यूरो तूफान पर करीबी नजर रखे हुये है। आपात स्थिति से निपटने के लिए सात बचाव पोत और चार हेलिकॉप्टर तैयार रखे गये हैं।

 

Next Post

दक्षिण कोरियाई सरकार को अमेरिकी टैरिफ लगाने पर अर्थव्यवस्था में दबाव पड़ने का अंदेशा

Fri Jun 13 , 2025
सोल 13 जून (वार्ता) दक्षिण कोरियाई सरकार ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिकी टैरिफ लगाए जाने तथा घरेलू मांग में देरी के कारण देश की अर्थव्यवस्था पर दबाव बना हुआ है। अर्थव्यवस्था और वित्त मंत्रालय ने ग्रीन बुक नामक अपनी मासिक रिपोर्ट में कहा कि अमेरिकी टैरिफ लगाने के कारण […]

You May Like