जबलपुर: बरेला थाना क्षेत्र में युवक और युवती ने पहले एक सफाई कर्मचारी से लिफ्ट ली और फिर उसकी बाइक, मोबाइल लेकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को दबोच लिया जिसके कब्जे से बाइक, मोबाइल जब्त कर लिया गया है।पुलिस के मुताबिक बरेला थाने में छोटेलाल कुशवाहा 50 वर्ष निवासी सुन्दरपुर थाना खमरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह फिनेक्स पोल्ट्री फार्म सुन्दरपुर में साफ सफाई का काम करता है।
जमुनिया तिराहे के पास एक लडक़ा एवं एक लडक़ी मिले जो लिफ्ट मांगे तो वह उन्हें अपनी मोटर सायकल में बैठाकर पड़वार तक ले गया, पड़वार में लडके ने उससे बोला कि मोबाइल में बैलेंस नही है और कॉल करने के लिये मोबाइल मांगा, उसने अपना मोबाइल दे दिया फिर उससे राजश्री लेने जाने के लिये मोटर सायकल मांगा एवं मोबाइल और मोटर सायकल बिना उसकी सहमति के लेकर दोनों चले गये। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर शारदा मंदिर के पास दबिश देते हुये आरोपी मिथलेश कुशवाहा 23 वर्ष निवासी ग्राम देवरी पटपरा बरेला को पकड़ा। जिसने बाइक, मोबाइल चुराना स्वीकार किया।
