
भोपाल। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री बड़वाले महादेव मंदिर सेवा समिति एवं ट्रस्ट द्वारा शीतलदास की बगिया में भगवान बटेश्वर और मां गौरा का भव्य नौका विहार आयोजित किया गया।
समिति के संजय अग्रवाल एवं प्रमोद नेमा ने बताया कि बाबा बटेश्वर की रजत प्रतिमा को वाहन द्वारा मां भवानी मंदिर सोमवारा लाया गया। अध्यक्ष आशीष सैनी द्वारा पूजन के पश्चात माता जी की चलित प्रतिमा के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जो शीतलदास की बगिया पहुंची। यहां फूलों और रोशनी से सुसज्जित नौका में भगवान बटेश्वर और मां गौरा का नौका विहार कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुरलीवाला ग्रुप द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। अंत में खीर की प्रसादी वितरित की गई। इस अवसर पर श्रीमती डाली आलोक शर्मा, अभिषेक लाला, केशव फुलवानी, शिशिर मित्तल, मोनू राठौर, प्रकाश मालवीय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
