इंदौर: गांधी नगर इलाके में देर रात के समय एक दर्दनाक बाइक हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनका 17 वर्षीय पोता घायल हुआ है.
हादसा पितृ पर्वत क्षेत्र के पास हुआ. 17 वर्षीय यश राठौर अपनी दादी शांताबाई पति धनसिंह राठौर को बुढानिया स्थित उनके पुराने घर छोड़ने जा रहा था. रात करीब 11 बजे बाइक फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े. राहगीरों की मदद से उन्हें एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया.
यश को उपचार के लिए भर्ती किया है. परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि यश अपने माता-पिता के साथ जय भवानी नगर में रहते हैं. बुढानिया में दादी-दादाजी का मकान निर्माणाधीन है. शनिवार को इलाके में भंडारे का आयोजन था, जिसमें दादी को यश के पिता लेकर आए थे. रात में यश को पिता ने बाइक देकर घर छोड़ने भेजा था. यश वर्तमान में 10वीं कक्षा का छात्र है. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है.
